धनबाद में ‘रेलवे जॉब रैकेट’ का भंडाफोड़: 40 लाख की ठगी में दो गिरफ्तार, फर्जी ज्वाइनिंग लेटर बरामद
धनबाद में रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 40 लाख रुपये की ठगी का खुलासा। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर फर्जी ज्वाइनिंग लेटर, IRCTC मुहर, नकदी और वाहन बरामद किए।
धनबाद (Threesocieties.com Desk)। रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 40,47,000 रुपये की बड़ी ठगी का खुलासा हुआ है। धनबाद थाना कांड सं0-59/26 में दर्ज मामले में वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (प्रशिक्षु) अंकित सिन्हा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों—संजीत कुमार और सुबोध कुमार—को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें: झारखंड: SSC MTS परीक्षा में 8 लाख की ‘डील’! धनबाद के मिनर्वा डिजिटल सेंटर से ब्लूटूथ-ईयरपीस के साथ तीन गिरफ्तार
यह मामला तमिलनाडु निवासी एक आवेदक की शिकायत पर दर्ज किया गया था, जिसने आरोप लगाया कि आरोपियों ने रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की वसूली की।
ऐसे रचते थे ठगी का जाल
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को रेलवे से जुड़ा प्रभावशाली व्यक्ति बताकर अभ्यर्थियों को भरोसे में लेते थे। वे नियुक्ति प्रक्रिया, स्पोर्ट्स कोटा और मेडिकल क्लियरेंस के नाम पर मोटी रकम वसूलते थे।गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के पास से रेलवे का फर्जी ज्वाइनिंग लेटर, मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट, स्पोर्ट्स कोटा प्रमाणपत्र, अभ्यर्थियों के शैक्षणिक दस्तावेज, IRCTC की मुहर, बैंक चेकबुक, 20,000 रुपये नकद, दो कार और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि गिरोह ने अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों को भी निशाना बनाया है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि इस गिरोह में और भी सदस्य शामिल हो सकते हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। जब्त दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी, ताकि नेटवर्क के अन्य कड़ियों तक पहुंचा जा सके।
युवाओं से अपील
पुलिस प्रशासन ने युवाओं और अभिभावकों से अपील की है कि सरकारी नौकरी के नाम पर किसी भी व्यक्ति या एजेंट को सीधे पैसे न दें। भर्ती से जुड़ी जानकारी केवल आधिकारिक वेबसाइट और अधिसूचना के माध्यम से ही प्राप्त करें।






