Advertisement

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी प्रखंड स्थित पोखरिया के पेमिया ऋषिकेश मेमोरियल आवासीय अनाथ विद्यालय में शुक्रवार को पूर्व मंत्री एवं टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो पहुंचे। गर्मी के मौसम को देखते हुए उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और बच्चों की सुविधा, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी ली।

ADVERTISEMENT

यह भी पढ़ें: धनबाद: बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो बने सहारा, दिवंगत BCCL कर्मी के बेटे को दिलाया नौकरी का नियुक्ति पत्र

निरीक्षण के दौरान श्री महतो ने संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य और सुरक्षित वातावरण के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन से यह सुनिश्चित करने को कहा कि गर्मी के मौसम में बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस अवसर पर उनके साथ मौजूद डॉ प्रणय कुमार पूर्वे ने बच्चों के बीच फल, बिस्कुट और शीतल पेय पदार्थ वितरित किए। बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।

डॉ पूर्वे ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता है और जल्द ही विद्यालय में हेल्थ चेकअप कैंप लगाया जायेगा। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि जरूरतमंद बच्चों के इलाज में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि किसी भी बच्चे को स्वास्थ्य संबंधी समस्या के कारण कठिनाई का सामना न करना पड़े।

मौके पर झामुमो नेता विकास महतो, मनीष भारती समेत कई स्थानीय कार्यकर्ता और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर देखभाल के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर बल दिया।

स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की ऐसी सक्रिय भागीदारी से जरूरतमंद बच्चों को नई उम्मीद मिलती है। विद्यालय प्रबंधन ने भी सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरे ने यह संदेश दिया कि समाज के वंचित और जरूरतमंद बच्चों के प्रति संवेदनशीलता ही सच्ची जनसेवा है, और यदि जनप्रतिनिधि इसी तरह आगे आते रहें तो बच्चों का भविष्य और अधिक सुरक्षित व उज्ज्वल बन सकता है।