झारखंड पुलिस में प्रमोशन का संकट! डीजीपी से मिले राहुल मुर्मू, लंबित मामलों के जल्द समाधान की मांग
रांची में झारखंड पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मुर्मू ने डीजीपी तदाशा मिश्रा से मुलाकात कर पुलिसकर्मियों के प्रमोशन, ACP-MACP, स्थानांतरण और अन्य लंबित समस्याओं को उठाया। डीजीपी ने समाधान का भरोसा दिया।
रांची (Threesocieties.com Desk): झारखंड पुलिसकर्मियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मुर्मू ने राज्य की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा से मुलाकात कर पुलिसकर्मियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उनके समक्ष रखा। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से पुलिसकर्मियों के प्रमोशन, एसीपी-एमएसीपी लाभ, स्थानांतरण नीति और कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की।
यह भी पढ़ें: "बिहार छोड़ दो या अपराध छोड़ दो" : CM सम्राट की बदमाशों को चेतावनी, पुलिस को 48 घंटे में जवाबी कार्रवाई का आदेश
राहुल मुर्मू ने डीजीपी को बताया कि राज्य में पुलिसकर्मियों के प्रमोशन की प्रक्रिया वर्षों से प्रभावित है। स्थिति यह है कि कई जवान और अधिकारी प्रशिक्षण पूरा करने के बावजूद पदोन्नति का इंतजार कर रहे हैं। कई पुलिसकर्मी बिना प्रमोशन पाए ही सेवानिवृत्त हो जा रहे हैं, जिससे उनके मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
प्रमोशन में बाधा से बढ़ रही नाराजगी
एसोसिएशन की ओर से बताया गया कि एएसआई से एसआई, एसआई से इंस्पेक्टर और इंस्पेक्टर से डीएसपी तक पदोन्नति की प्रक्रिया विभिन्न कारणों से अटकी हुई है। लंबे समय से रिक्त पदों के बावजूद पदोन्नति नहीं होने से पुलिस विभाग में असंतोष का माहौल बन रहा है। राहुल मुर्मू ने कहा कि यदि समय पर प्रमोशन नहीं मिलता है तो कर्मियों का उत्साह प्रभावित होता है और इसका असर कार्यक्षमता पर भी पड़ता है। इसलिए इस दिशा में त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता है।
ACP और MACP लाभ नहीं मिलने का भी उठाया मुद्दा
मुलाकात के दौरान एसीपी (Assured Career Progression) और एमएसीपी (Modified Assured Career Progression) से जुड़े मामलों को भी प्रमुखता से उठाया गया। एसोसिएशन का कहना है कि पात्र पुलिसकर्मियों को इन योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिल रहा है, जबकि उच्च न्यायालय के आदेश और गृह विभाग के निर्देश भी मौजूद हैं। राहुल मुर्मू ने डीजीपी से आग्रह किया कि पुलिस मुख्यालय स्तर से आवश्यक आदेश जारी कर इन मामलों का जल्द निपटारा कराया जाए ताकि पुलिसकर्मियों को उनका वैधानिक लाभ मिल सके।
गृह जिला स्थानांतरण समेत कई मांगें रखीं
एसोसिएशन ने पुलिसकर्मियों के गृह जिला स्थानांतरण की मांग भी उठाई। इसके अलावा शिकायत कोषांग की नियमित बैठक आयोजित कर पात्र अधिकारियों और कर्मियों के स्थानांतरण पर निर्णय लेने की बात कही गई। बैठक में यह भी मांग रखी गई कि जो अधिकारी और कर्मी 10 वर्षों से एक ही जिला या इकाई में पदस्थापित हैं, उनका स्थानांतरण किया जाए। साथ ही JAPTC पदमा में एसपी स्तर के अधिकारी की नियुक्ति अथवा वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध भी किया गया।
डीजीपी ने दिया सकारात्मक आश्वासन
झारखंड पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मुर्मू ने बताया कि डीजीपी तदाशा मिश्रा ने सभी मांगों और समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रमोशन, ACP-MACP, स्थानांतरण और अन्य प्रशासनिक मामलों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
पुलिसकर्मियों को उम्मीद है कि डीजीपी स्तर पर हुई इस महत्वपूर्ण पहल के बाद वर्षों से लंबित कई मामलों में जल्द सकारात्मक निर्णय देखने को मिल सकता है।






