धनबाद: जनता दरबार में उपायुक्त की संवेदनशील पहल, श्रवण बाधित छात्रा को मिली डिजिटल हियरिंग ऐड

धनबाद उपायुक्त आदित्य रंजन के जनता दरबार में श्रवण बाधित छात्रा समृद्धि कुमारी को तत्काल डिजिटल हियरिंग ऐड मशीन उपलब्ध कराई गई। आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार को जिला प्रशासन की इस पहल से बड़ी राहत मिली।

धनबाद: जनता दरबार में उपायुक्त की संवेदनशील पहल, श्रवण बाधित छात्रा को मिली डिजिटल हियरिंग ऐड
DC आदित्य रंजन की पहल से बदली समृद्धि की जिंदगी।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद जिला प्रशासन आमजनों की समस्याओं के त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में सोमवार को आयोजित उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के जनता दरबार में एक ऐसी मानवीय पहल देखने को मिली, जिसने एक श्रवण बाधित छात्रा और उसके परिवार के जीवन में नई उम्मीद जगा दी।

यह भी पढ़ें:धनबाद में जनता दरबार: DC आदित्य रंजन ने सुनीं लोगों की समस्याएं, समाधान का आश्वासन

जनता दरबार में धनसार के चांदमारी निवासी सुधीर कुमार विश्वकर्मा अपनी 17 वर्षीय पुत्री समृद्धि कुमारी की समस्या लेकर पहुंचे। उन्होंने उपायुक्त को बताया कि उनकी बेटी बचपन से ही श्रवण बाधित है और वर्तमान में आठवीं कक्षा की छात्रा है। सुनने में परेशानी के कारण उसे पढ़ाई के साथ-साथ दैनिक जीवन की गतिविधियों में भी कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

सुधीर कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि उनकी पुत्री का इलाज क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज (सीएमसी), वेलोर में कराया गया था। चिकित्सकीय जांच के बाद डॉक्टरों ने समृद्धि को डिजिटल हियरिंग ऐड लगाने की सलाह दी थी। हालांकि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर होने के कारण वे यह मशीन खरीद पाने में असमर्थ थे। दैनिक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले पिता के लिए यह खर्च उठाना संभव नहीं था।

मामले की गंभीरता और छात्रा के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त आदित्य रंजन ने तत्काल पहल की। उन्होंने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मामले का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। प्रशासन ने सभी आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करते हुए समृद्धि कुमारी को तत्काल डिजिटल हियरिंग ऐड मशीन उपलब्ध करा दी।

मशीन प्राप्त होने के बाद समृद्धि और उसके पिता की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। दोनों ने जिला प्रशासन और उपायुक्त के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब समृद्धि को सुनने में काफी सहूलियत होगी, जिससे उसकी पढ़ाई और दैनिक जीवन पहले की तुलना में अधिक सहज हो सकेगा।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि जिला प्रशासन जरूरतमंद, गरीब एवं दिव्यांगजनों की सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जनता दरबार का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक सरकारी सहायता और सुविधाएं पहुंचाना भी है। उन्होंने कहा कि जनता दरबार में आने वाले मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

यह पहल न केवल प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि सही समय पर की गई सरकारी मदद किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती है। समृद्धि कुमारी को मिली यह सहायता उसके बेहतर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।