धनबाद : अधिवक्ता जावेद की हत्या की साजिश नाकाम, कट्टा-कारतूस संग अपराधी गिरफ्तार

धनबाद के भूली में पुलिस ने हत्या की कथित साजिश नाकाम कर हथियार व जिंदा कारतूस के साथ आसिफ आलम को गिरफ्तार किया। तीन आरोपी फरार हैं।

धनबाद : अधिवक्ता जावेद की हत्या की साजिश नाकाम, कट्टा-कारतूस संग अपराधी गिरफ्तार
भूली ओपी पुलिस ने हत्या की साजिश किया नाकाम।

Advertisement

      HighLights:

  • भूली पुलिस ने झरिया के अधिवक्ता जावेद की हत्या की साजिश को किया नाकाम 
  • भूली सी-ब्लॉक छठ घाट के पास हथियार के साथ जुटे थे अपराधकर्मी
  • पुलिस ने आसिफ आलम को कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ पकड़ा
  • पुलिस को देखते ही तीन युवक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद पुलिस ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की कथित साजिश को समय रहते नाकाम करने का दावा किया है। भूली ओपी क्षेत्र में पुलिस ने हथियार और जिंदा कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक अपने साथियों के साथ मिलकर झरिया निवासी अधिवक्ता जावेद की हत्या की साजिश रच रहा था। छापामारी के दौरान तीन अन्य युवक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रकाश ने प्रेस कांफ्रेस में उक्त जानकारी दी। डीएसपी ने बताया कि 12 सितंबर 2026 की रात करीब 12:05 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधकर्मी हथियारों के साथ भूली के सी-ब्लॉक स्थित छठ घाट के पास एक सुनसान स्थान पर जुटे हैं। सूचना में यह भी बताया गया कि अपराधकर्मी किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।

SSP के निर्देश पर बनी छापामारी टीम

डीएसपी ने बताया कि सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर तत्काल छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने बताए गए स्थान की घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद बाइक सवार युवक भागने लगे। अंधेरे का फायदा उठाकर तीन युवक मौके से फरार होने में सफल रहे। भागने के दौरान गिर पड़े एक युवक को पुलिस टीम ने पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान आसिफ आलम (23 वर्ष) के रूप में हुई है। वह रशीद आलम का पुत्र है और निचितपुर टाउनशिप, शिव मंदिर के पास, थाना ईस्ट बसुरिया ओपी, धनबाद का रहने वाला बताया गया है।

कमर में छिपाकर रखा था देशी कट्टा

पुलिस ने गिरफ्तार युवक की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पैंट की कमर में बाईं ओर छिपाकर रखा गया एक देशी कट्टा बरामद हुआ। इसके अलावा उसकी बाईं जेब से एक जिंदा कारतूस भी मिला। पुलिस के अनुसार, बरामद कारतूस के पेंदे पर “8 MM KF” अंकित था। हथियार और कारतूस के संबंध में जब आरोपी से वैध कागजात मांगे गए तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कोई संतोषजनक जवाब भी नहीं दे पाया।

अधिवक्ता जावेद की हत्या की साजिश का खुलासा

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि आसिफ अपने साथियों के साथ मिलकर झरिया निवासी अधिवक्ता जावेद की हत्या की साजिश रच रहा था। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के दौरान तीन संदिग्ध फरार हो गए। अब पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कथित हत्या की साजिश के पीछे कौन लोग शामिल हैं और हथियार कहां से लाया गया था।

फरार आरोपियों की तलाश तेज

पुलिस के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई से एक ओर जहां पुलिस ने संभावित गंभीर अपराध को रोकने का दावा किया है, वहीं अधिवक्ता जावेद को निशाना बनाए जाने की कथित साजिश ने धनबाद के अपराध जगत में हलचल बढ़ा दी है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

पुलिस छापामारी दल में एसआइ विश्वजीत ठाकुर, भूली ओपी प्रभारी, एसआइ सोहन कुमार साहु, एएसआई, हरिप्रकाश मिश्रा,  सशस्त्र बल के आरक्षी 1495/संटु मांझी व हवलदार ललित उरांव शामिल थे। इस संबंध में भूली ओपी (बैंकमोड़ थाना) कांड संख्या-164/26, दिनांक 12.09.2026 दर्ज किया गया है। मामले में धारा 111(2)/111(3)/111(4)/61(2) BNS एवं 25(1-b)a/26/35 Arms Act के तहत कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास

बैंकमोड़ थाना कांड संख्या-145/23, दिनांक 27.06.2023, धारा 387/385/34/120बी भा.द.वि. एवं 27 आर्म्स एक्ट।
 चिरकुंडा थाना कांड संख्या-309/2021, दिनांक 19.12.2021, धारा 323/341/342/379/504/34 भा.द.वि.
 बैंकमोड़ थाना कांड संख्या-147/23, दिनांक 02.07.2023, धारा 25(1-बी)ए/26/35 आर्म्स एक्ट।