पटना से लौट रहे 3 थानाध्यक्षों की दर्दनाक मौत, बेगूसराय में खड़े ट्रक से टकराई कार, पुलिस महकमे में मातम
बिहार के बेगूसराय में हुए भीषण सड़क हादसे में मधेपुरा जिले के तीन थानाध्यक्ष और एक निजी चालक की मौत हो गई। पटना में CCTNS प्रशिक्षण से लौटते समय उनकी कार NH-31 पर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे से बिहार पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
बेगूसराय/मधेपुरा (Threesocieties.com Desk) : बिहार के बेगूसराय जिले में गुरुवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया। साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा ढाला के समीप एनएच-31 पर खड़े ट्रक में एक तेज रफ्तार कार के घुस जाने से मधेपुरा जिले में पदस्थापित तीन थानाध्यक्षों और एक निजी चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद बिहार पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।
यह भी पढ़ें: डिजिटल हुई आस्था: धनबाद के मंदिरों में एक क्लिक पर मां भगवती को लग रहा भोग

जानकारी के अनुसार, सभी पुलिस अधिकारी पटना स्थित राज्य पुलिस मुख्यालय में आयोजित क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क सिस्टम (CCTNS) के दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होकर मधेपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब एक बजे उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
हादसा इतना भीषण कि कार के उड़े परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में सवार पुलिसकर्मी बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलने पर साहेबपुर कमाल थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला गया। इस हादसे में तीन पुलिस अधिकारियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे में जान गंवाने वाले पुलिस अधिकारी
हादसे में जिन चार लोगों की मौत हुई, उनमें शामिल हैं—
साजन कुमार पासवान, थानाध्यक्ष रतवारा थाना (मधेपुरा)
ज्ञानेंद्र अमरेंद्र, थानाध्यक्ष अरार थाना (मधेपुरा)
नीरज कुमार, थानाध्यक्ष बेलारी थाना (मधेपुरा)
ज्योतिष कुमार, निजी चालक, उदाकिशुनगंज निवासी
एक सप्ताह पहले ही बने थे थानाध्यक्ष
मृतक नीरज कुमार 2018 बैच के दारोगा थे और उन्हें महज एक सप्ताह पहले ही बेलारी थाना का प्रभार मिला था। मूल रूप से गया जिले के निवासी नीरज कुमार का परिवार रोहतास के डेहरी ऑन सोन में रहता है। उनका एक वर्ष का बेटा है और पत्नी उदाकिशुनगंज में रह रही थीं। उनकी असामयिक मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
साजन कुमार की अभी नहीं हुई थी शादी
रतवारा थानाध्यक्ष साजन कुमार पासवान कैमूर जिले के भभुआ निवासी थे। 2018 बैच के दारोगा साजन की अभी शादी भी नहीं हुई थी। अगस्त 2025 से वे रतवारा थाना में पदस्थापित थे। परिजनों को जब हादसे की जानकारी मिली तो घर में कोहराम मच गया।
17 साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया
अरार थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र अमरेंद्र 2009 बैच के दारोगा थे। वे कटिहार जिले के मनिहारी क्षेत्र के निवासी थे। सितंबर 2025 से अरार थाना में पदस्थापित थे। ज्ञानेंद्र अमरेंद्र अपने पीछे पत्नी और 17 वर्षीय पुत्र को छोड़ गए हैं। गर्मी की छुट्टियों में उनका परिवार अरार आया हुआ था। हादसे की खबर मिलते ही पत्नी और पुत्र बेगूसराय के लिए रवाना हो गए।
पटना में ले रहे थे डिजिटल पुलिसिंग का प्रशिक्षण
राज्य पुलिस मुख्यालय पटना के सरदार पटेल भवन में एनसीआरबी और एनआईसी के विशेषज्ञों द्वारा CCTNS 1.0 के तहत प्रशिक्षण दिया जा रहा था। इसका उद्देश्य एफआईआर, चार्जशीट और जांच रिपोर्ट को पूरी तरह डिजिटल बनाना तथा थानों को कोर्ट, जेल और फोरेंसिक लैब से जोड़ना है। 10 और 11 जून को आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में मधेपुरा जिले से ये तीनों थानाध्यक्ष शामिल हुए थे। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे वे कार से वापस लौट रहे थे।
उदाकिशुनगंज से साथ निकले थे तीनों अधिकारी
जानकारी के अनुसार 10 जून की सुबह अरार थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र अमरेंद्र और रतवारा थानाध्यक्ष साजन कुमार पासवान उदाकिशुनगंज पहुंचे थे। वहां से बेलारी थानाध्यक्ष नीरज कुमार की कार से सभी पटना गए थे। निजी चालक ज्योतिष कुमार वाहन चला रहा था। वापसी के दौरान बेगूसराय में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
एनएच-31 के जिस हिस्से में यह हादसा हुआ, वहां पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। सड़क किनारे भारी वाहनों की पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। इस हादसे के बाद एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन पर गंभीर बहस शुरू हो गई है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। वहीं चारों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है। बिहार पुलिस ने अपने जांबाज अधिकारियों को खोने पर गहरा दुख व्यक्त किया है।






