तेजप्रताप यादव ने उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी को अपनी शादी का कार्ड दिया है और कहा कि शादी में जरूर आइयेगा। इस पर सुशील मोदी ने भी जवाब दिया।
पटना: आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने मंगलवार को अपने राजनीतिक विरोधी और बिहार के डिप्टी सीएम सुशील मोदी को शादी का कार्ड दिया. तेजप्रतप ने कहा कि शादी में जरूर आइयेगा. तेजप्रताप यादव और उनके होने वाले ससुर चंद्रिका राय भी सुशील मोदी के आवास पहुंचे थे.
तेजप्रताप ने शादी का कार्ड देने के बाद ट्वीट किया कि बिहार के डिप्टी सीएम सुशील मोदी को अपने विवाह का निमंत्रण दिया. लाख राजनीतिक और मनुवादी विद्वेष हम पर थोपी जाए, हम बहुजन समाज के लोग कृष्ण के वंशज हैं. हमारा दिल बहुत बड़ा है। इसमें सब के लिए जगह है. तेजप्रताप यादव डिप्टी सीएम को कार्ड देने के बाद मीडिया से बात करते हुए ने कहा कि राजनीति अपनी जगह और समाजिकता अलग है. राजनीति में सबकुछ चलता रहता है, ये शादी का माहौल है. मैं चिप्उट सीएम को कार्ड देने आया था. सुशील मोदी पिताजी के साथ पढ़े हैं, उनका लालू जी से पुराना सम्बन्ध रहा है. मोदी जी ने मेरे विवाह में आने का वादा किया है.
वहीं, दूसरी ओर सुशील मोदी ने कहा कि लालू यादव की सभी बेटियों की शादी में मैंने शिरकत की है, चाहे वह दिल्ली में हुआ हो या पटना में. तेजप्रताप की शादी में चंद्रिका राय जी की बेटी से हो रही है. सभी से मेरा पुराना संबंध है, खुशी की बात है कि बिहार के दो राजनैतिक घरानों के बीच रिश्ता हो रहा है.इस शादी में भी जाऊंगा।
उल्लेखनीय है कि तेजप्रताप की शादी 12 मई को बिहार के एक्दास सीएम दारोगा प्रसाद राय की पौत्री और एमएलए चंद्रिका राय की बड़ी बेटी ऐश्वर्या राय के साथ होगी. दोनों की सगाई 18 अप्रैल को पटना के होटल मौर्या में हुई थी.राबड़ी देवी के सरकारी आवास 10, सर्कुलर रोड से बारात 12 मई को शाम 7:00 बजे प्रस्थान करेगी और शुभ विवाह रात्रि में होगा. तेजप्रताप और ऐश्वर्या का विवाह दुल्हन के घर यानी उनके पिता चंद्रिका राय के सरकारी आवास 5, सर्कुलर रोड पर संपन्न होगा.जयमाला और प्रीतिभोज का कार्यक्रम खेल मैदान, बिहार वेटरनरी कॉलेज कैंपस पटना में रखा गया है.
तेजप्रताप की शादी में इन खास लोगों को मिलेगा निमंत्रण
तेजप्रताप यादव की शादी को लेकर गेस्ट लिस्ट भी फाइनल हो चुकी है, उनकी शादी में पांच हजार से भी ज्यादा लोग शामिल होंगे.इनमे वीआईपी गेस्ट से लेकर लालू प्रसाद के रिश्तेदार और तमाम जानने वाले शामिल होंगे. सोनिया गांधी, राहुल गांधी के साथ कांग्र्रेस, सपा, बसपा एवं तृणमूल कांग्रेस समेत कई बड़े दलों के नेताओं को न्योता भेजा जा रहा है. मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव तो लालू के रिश्तेदार ही हैं. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भी आने की संभावना है.शरद यादव, कांग्र्रेस के गुलाम नबी आजाद, बिहार कांग्रेस के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल, झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन एवं झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी भी लालू के बेटे की शादी में आयेंगे.
हालांकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत बिहार के भी पक्ष-विपक्ष के कई प्रमुख नेताओं को न्योता दिया गया है.