मनीष कोचिंग सेंटर झरिया का सिल्वर जुबली : 109 प्रतिभाओं का सम्मान, छात्रों ने बिखेरा सफलता का जलवा

झरिया में मनीष कोचिंग सेंटर एवं शारदा यूनिवर्सिटी आगरा द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में 2026 की 12वीं बोर्ड परीक्षा में सफल 109 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सिल्वर जुबली वर्ष पर आयोजित कार्यक्रम में टॉपर्स को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।

मनीष कोचिंग सेंटर  झरिया का सिल्वर जुबली : 109 प्रतिभाओं का सम्मान, छात्रों ने बिखेरा सफलता का जलवा
सिल्वर जुबली वर्ष में मनीष कोचिंग सेंटर का बड़ा आयोजन।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): शिक्षा के क्षेत्र में 25 वर्षों की सफल एवं गौरवशाली यात्रा पूरी करने वाले मनीष कोचिंग सेंटर ने अपने सिल्वर जुबली वर्ष के अवसर पर शारदा यूनिवर्सिटी आगरा के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया। इस अवसर पर वर्ष 2026 की कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 109 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

यह भी पढ़ें: धनबाद बनेगा ‘नॉलेज हब’, 10 मॉडर्न स्मार्ट लाइब्रेरी और डिजिटल लाइब्रेरी की सौगात

समारोह में विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

इन प्रतिभाओं ने बढ़ाया क्षेत्र का गौरव

सम्मानित विद्यार्थियों में जिला सेकेंड टॉपर याशिका अग्रवाल, अकाउंट्स विषय में 100 में 100 अंक प्राप्त करने वाली महक अग्रवाल, डी नोबिली धनबाद की टॉपर सृष्टि केजरीवाल, आशीष राज, डीएवी मॉडल डिगवाडीह के टॉपर वैभव गर्ग, द्वितीय टॉपर अभिजीत तायल, गुरु गोविंद सिंह स्कूल की टॉपर सिद्धि भाटिया, कार्मेल धनबाद की टॉपर शालिनी कुमारी, द्वितीय टॉपर दीपाली सौम्या, तृतीय टॉपर आस्था सिंह तथा कार्मेल डिगवाडीह के टॉपर्स अर्पित गुप्ता, इक़रा रहमान और कनिष्का खरकिया प्रमुख रूप से शामिल रहे।

रागिनी सिंह रहीं मुख्य अतिथि

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि झरिया विधायक रागिनी सिंह थीं। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में सुश्री जाहिदा परवीन (Mrs. India Asia East), प्रो. (डॉ.) परमा नंद, कार्यवाहक कुलपति, शारदा यूनिवर्सिटी आगरा, सैबल चटर्जी, निदेशक (आउटरीच), शारदा यूनिवर्सिटी तथा डॉ. अभिनय शर्मा, सहायक प्राध्यापक, रैवेनशॉ यूनिवर्सिटी, कटक उपस्थित रहे। दीप प्रज्वलन और अतिथियों के स्वागत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

25 वर्षों की यात्रा पर डॉ. मनीष शर्मा ने डाला प्रकाश

मनीष कोचिंग सेंटर के निदेशक डॉ. मनीष शर्मा ने स्वागत भाषण में संस्थान की 25 वर्षों की शैक्षणिक यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता दिलाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।

उच्च शिक्षा और करियर पर विशेषज्ञों ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव

कार्यक्रम के दौरान शारदा यूनिवर्सिटी के कार्यवाहक कुलपति प्रो. (डॉ.) परमा नंद ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उच्च शिक्षा, करियर निर्माण, व्यक्तित्व विकास और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को बदलते दौर में कौशल विकास और नवाचार के महत्व को समझने की सलाह दी।

वहीं शारदा यूनिवर्सिटी के निदेशक (आउटरीच) सैबल चटर्जी ने उद्योग जगत की वर्तमान आवश्यकताओं, नेतृत्व क्षमता और रोजगार के बदलते स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

प्रतिभा सम्मान समारोह में शिक्षा के साथ-साथ मनोरंजन का भी विशेष आकर्षण देखने को मिला। Easy Easy Steps Dance Classes के सहयोग से प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

इस दौरान राखी साव, सोनू कुमार, रितेश कुमार, जितेंद्र कुमार, चारु अग्रवाल और आस्था मिरानिया ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समारोह को यादगार बना दिया।

गरिमामय मंच संचालन और सफल आयोजन

कार्यक्रम का प्रभावशाली एवं गरिमामय मंच संचालन सुश्री उर्वी शर्मा ने किया। समारोह में शारदा यूनिवर्सिटी के अतीफ सिद्दीकी, सुमित सिंह (क्षेत्रीय प्रबंधक), अनिल खेमका, कृष्णा अग्रवाल, जोनी शर्मा, अमर अत्रि और विवेक लिल्हा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अंत में अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। प्रतिभाओं को सम्मान और प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से आयोजित यह समारोह शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणादायी संदेश छोड़ गया तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।