बोकारो पुलिस में बड़ा फेरबदल, 14 इंस्पेक्टर समेत 18 थाना-ओपी प्रभारियों का तबादला
बोकारो में पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। एसपी नाथू सिंह मीणा ने 14 इंस्पेक्टर समेत 24 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला किया। कई थाना और ओपी प्रभारी बदले गए।
Highlights:
- कई थाना और ओपी प्रभारियों को मिली नई जिम्मेदारी
- इंस्पेक्टर नित्यानंद महतो बने बेरमो थाना प्रभारी
- संजय कुमार को माराफारी व ममता कुमारी को बीएस सिटी की जिम्मेदारी
- दुग्दा, कथारा, चंद्रपुरा, नावाडीह समेत कई जगह बदले प्रभारी
बोकारो (Threesocieties.com Desk): बोकारो पुलिस महकमे में गुरुवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। एसपी नाथू सिंह मीणा ने जिले में तैनात 14 इंस्पेक्टर समेत कुल 24 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला किया है। इस बदलाव में कई थाना और ओपी प्रभारियों को भी नई जिम्मेदारी दी गई है।

जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से किए गए इस फेरबदल को पुलिस विभाग में महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। तबादले से संबंधित जिलादेश गुरुवार देर रात जारी किया गया। आदेश के अनुसार सभी स्थानांतरित पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। एसपी द्वारा जारी आदेश के तहत पुलिस केन्द्र में पदस्थापित पुलिस निरीक्षक नित्यानंद महतो को बेरमो का थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं रोहित कुमार सिंह को बेरमो से बीटीपीएस थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
पुलिस निरीक्षक संजय कुमार का तबादला सेक्टर-4 से माराफारी किया गया है, जबकि ममता कुमारी को पुलिस केन्द्र से बीएस सिटी भेजा गया है। इसी क्रम में विक्रांत कुमार को पुलिस केन्द्र से सेक्टर-6 का सह थाना प्रभारी बनाया गया है। नीतीश कुमार को यातायात से सेक्टर-4, सुदामा कुमार दास को बीएस सिटी से सेक्टर-12 और सुषमा कुमारी को पुलिस केन्द्र से यातायात थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
साइबर थाने में भी नई तैनाती
पुलिस विभाग के इस फेरबदल में साइबर थाना भी शामिल है। साइबर थाने में पदस्थापित पुलिस निरीक्षक अरविन्द कुमार को बेरमो अंचल भेजा गया है। वहीं अनिल कच्छप को गोमिया अंचल की जिम्मेदारी दी गई है। साइबर अपराध से जुड़े मामलों में पुलिस की कार्रवाई को मजबूत करने के लिए पिंकु कुमार यादव और मो. आजाद खां को साइबर थाने में नई तैनाती दी गई है।
कई थाना और ओपी प्रभारियों की बदली जिम्मेदारी
तबादला आदेश में थाना और ओपी प्रभारियों के स्तर पर भी व्यापक बदलाव किया गया है। दुग्दा थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर मनीष कुमार-02 को बोकारो झरिया ओपी का प्रभारी बनाया गया है। वहीं हरला थाना से अमन कुमार को दुग्दा का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। नावाडीह थाना से राहुल कुमार राम को कथारा ओपी प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं बोकारो झरिया ओपी प्रभारी श्रीनिवास कुमार सिंह को चंद्रपुरा थाना प्रभारी बनाया गया है। अमरजीत कुमार सिंह को अमलाबाद ओपी प्रभारी, आवेन्द्र कुमार साव को भोजुडीह ओपी प्रभारी और उदय शंकर शर्मा को बनगड़िया ओपी प्रभारी बनाया गया है।
नावाडीह, पेंक और मकोली में भी बदलाव
तबादला सूची के अनुसार अनिल लिण्डा को नावाडीह थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं मुकेश दयाल सिंह को पेंकनारायणपुर थाना प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है। शशिकान्त ठाकुर को मकोली टीओपी में पदस्थापित किया गया है। इस तरह जिले के कई महत्वपूर्ण थाना, ओपी और पुलिस अंचलों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
24 घंटे के भीतर योगदान का निर्देश
जारी जिलादेश में स्थानांतरित सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपने नए पदस्थापन स्थल पर 24 घंटे के भीतर योगदान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस विभाग के इस व्यापक फेरबदल के बाद अब नए अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में जिम्मेदारी संभालेंगे। पुलिस प्रशासन की ओर से यह बदलाव जिले में कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा विभिन्न थाना एवं ओपी क्षेत्रों में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है।




