आईपीएल: मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइटराइडर्स को 102 रन से हराया

कोलकाता: आईपीएल में बुधवार को ईडन गार्डन्स में मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइटराइडर्स को 102 रन से हरा दिया. कोलकाता की टीम 211 रन के टारगेट का पीछा करते हुए 18.1 ओवर में 108 रन पर ही ऑल आउट हो गयी.मुंबई की कोलकाता पर ये लगातार आठवीं जीत है. इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने 20 ओवर में छहविकेट पर 210 रन बनाये. ईशान किशन 21 गेंद पर 62 रन बनाकर आउट हुये. उन्होंने 17 गेंद में फिफ्टी लगायी.चौदहवें ओवर में किशन ने कुलदीप यादव की गेंद पर लगातार चाार छक्के लगाये. कोलकाता के ओपनर सुनील नरेन और क्रिस लिन क्रमश: चार और 21 रन बनाकर आउट हो गये. इसके बाद क्रीज पर आये रॉबिन उथप्पा 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे. नीतीश राणा 21, आंद्रे रसेल दो, दिनेश कार्तिक पांच और रिंकू सिंह पांच रन बनाकर आउट हो गये. मुंबई को ओपनर इविन लुईस और सूर्यकुमार यादव ने तेज शुरुआत दी. दोनों ने 5.4 ओवर में 46 रन जोड़े. इविन लुईस 18 और सूर्यकुमार यादव 32 रन बनाकर पीयूष चावला की गेंद पर आउट हुये. इसके बाद किशन को सुनील नरेन ने आउट किया. किशन ने अपनी पारी में छह छक्के और पांच चौके लगाये. बेन कटिंग ने आखिरी ओवरों में नौ गेंद पर तेजी से 24 रन बनाये. पीयूष चावला ने केकेआर की तरफ सबसे ज्यादा तीन विकेट लिये.