चौथी बार चमके धनबाद के पत्रकार मोहन गोप, देश की प्रतिष्ठित मीडिया फेलोशिप में चयन
धनबाद के वरिष्ठ पत्रकार डॉ. मोहन कुमार गोप का वर्ष 2026 की प्रतिष्ठित रिच लिली मीडिया फेलोशिप के लिए चयन हुआ है। चौथी बार मिली इस राष्ट्रीय फेलोशिप ने धनबाद और झारखंड का मान बढ़ाया है। टीबी, मानसिक स्वास्थ्य और मधुमेह जैसे विषयों पर उनकी रिपोर्टिंग को देशभर में सराहना मिली है।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): झारखंड की कोयलांचल नगरी धनबाद के लिए गर्व की खबर सामने आई है। वरिष्ठ पत्रकार एवं धनबाद प्रेस क्लब के सचिव डॉ. मोहन कुमार गोप का चयन वर्ष 2026 की प्रतिष्ठित रिच लिली मीडिया फेलोशिप के लिए किया गया है। यह लगातार चौथी बार है जब मोहन गोप को इस राष्ट्रीय स्तर की फेलोशिप से सम्मानित किया गया है।
यह भी पढ़ें: झारखण्ड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन में बड़ा फैसला: धनबाद के कृष्णा अग्रवाल बने अनुशासन समिति के सभापति
देशभर से सैकड़ों पत्रकार हर वर्ष इस फेलोशिप के लिए आवेदन करते हैं, लेकिन कड़ी चयन प्रक्रिया के बाद केवल 14 पत्रकारों को ही चुना जाता है। ऐसे में धनबाद के पत्रकार का फिर से चयन होना जिले और झारखंड दोनों के लिए गौरव की बात मानी जा रही है।
स्वास्थ्य पत्रकारिता में लगातार उत्कृष्ट योगदान
डॉ. मोहन गोप लंबे समय से स्वास्थ्य और सामाजिक मुद्दों पर गंभीर एवं प्रभावशाली पत्रकारिता करते रहे हैं। उनकी रिपोर्टिंग का दायरा सिर्फ खबरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने का माध्यम भी बना।उन्हें पहली बार वर्ष 2015 में टीबी (क्षयरोग) रिपोर्टिंग पर रिच लिली मीडिया फेलोशिप मिली थी। इसके बाद वर्ष 2019-20 में मानसिक स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विषय पर उत्कृष्ट रिपोर्टिंग के लिए उन्हें दोबारा फेलोशिप प्रदान की गई।
वहीं वर्ष 2023 में मधुमेह और समाज विषय पर उनके कार्य को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया और उन्हें तीसरी बार फेलोशिप मिली। अब वर्ष 2026 में चौथी बार चयन ने उनकी उपलब्धियों में एक और नया अध्याय जोड़ दिया है।
राष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कारों से सम्मानित
डॉ. मोहन गोप की पत्रकारिता को पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर कई सम्मान मिल चुके हैं। वर्ष 2014 और 2015 में उन्हें यूनिसेफ, यूनाइटेड वे, रायटर तथा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मीडिया अवार्ड प्रदान किए गए थे। उनकी रिपोर्टिंग हमेशा जनहित, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रही है। यही वजह है कि राष्ट्रीय संस्थाओं ने समय-समय पर उनके कार्यों को सराहा है।
धनबाद प्रेस क्लब से भी जुड़ी बड़ी जिम्मेदारी
डॉ. मोहन गोप वर्तमान में धनबाद प्रेस क्लब के सचिव भी हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ संगठनात्मक स्तर पर भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है। उनकी इस उपलब्धि पर धनबाद और झारखंड के पत्रकारों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने बधाई दी है। कई पत्रकारों ने कहा कि मोहन गोप की सफलता युवा पत्रकारों के लिए प्रेरणा है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय करता है निगरानी
रिच लिली मीडिया फेलोशिप स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दी जाती है। इस फेलोशिप की निगरानी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा की जाती है। स्वास्थ्य पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट योगदान देने वाले पत्रकारों को इस प्रतिष्ठित फेलोशिप के जरिए राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिलती है।






