धनबाद: महंगाई पर झामुमो का हल्लाबोल: व्यवसायिक गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों के खिलाफ धरना

धनबाद में व्यवसायिक गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ झामुमो ने रणधीर वर्मा चौक पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए चेतावनी दी कि यदि बढ़े हुए दाम वापस नहीं लिए गए तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया।

धनबाद: महंगाई पर झामुमो का हल्लाबोल: व्यवसायिक गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों के खिलाफ धरना
महंगाई के खिलाफ झामुमो का आंदोलन।

Advertisement

धनबाद (Threesocieties.com Desk): व्यवसायिक गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर झारखंड की राजनीति में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। गुरुवार को धनबाद में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार हल्लाबोल करते हुए रणधीर वर्मा चौक पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया।

यह भी पढ़ें:15 साल बाद पश्चिम बंगाल में सत्ता का अंत! राज्यपाल ने भंग की विधानसभा; ममता बनर्जी समेत पूरी कैबिनेट बर्खास्त

प्रदर्शन के दौरान झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर महंगाई रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया और व्यवसायिक गैस सिलेंडर के बढ़े हुए दाम तुरंत वापस लेने की मांग की। धरना प्रदर्शन में जिले भर से बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। पूरे कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। झामुमो नेताओं ने कहा कि व्यवसायिक गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार वृद्धि होने से होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट संचालकों और छोटे व्यापारियों की आर्थिक स्थिति बिगड़ती जा रही है। इसका असर सीधे आम लोगों की जेब पर भी पड़ रहा है।

“महंगाई ने आम आदमी का जीना मुश्किल कर दिया”

झामुमो जिला अध्यक्ष लखी सोरेन ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की आर्थिक नीतियां पूरी तरह जनविरोधी साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारी, मजदूर, मध्यम वर्ग और गरीब परिवार लगातार महंगाई की मार झेल रहे हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि व्यवसायिक गैस सिलेंडर के दामों में बेतहाशा वृद्धि ने छोटे कारोबारियों की कमर तोड़ दी है, जबकि सरकार बड़े पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी हुई है। लखी सोरेन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कीमतें वापस नहीं ली गईं तो झामुमो सड़क से सदन तक आंदोलन को और तेज करेगा।

“छोटे दुकानदारों का जीवन अस्त-व्यस्त”

जिला सचिव मन्नू आलम ने कहा कि गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों ने छोटे दुकानदारों और मध्यम वर्गीय परिवारों की आर्थिक व्यवस्था पूरी तरह बिगाड़ दी है। उन्होंने कहा कि सरकार यदि जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं देती है तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा। पूर्व मेयर चन्द्रशेखर अग्रवाल ने भी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि व्यवसायिक गैस सिलेंडर की महंगाई छोटे व्यापारियों और होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों पर सीधा आर्थिक हमला है। उन्होंने कहा कि सरकार को तत्काल बढ़े हुए दाम वापस लेने चाहिए, अन्यथा जनता सड़क पर उतरकर जवाब देगी।

महिलाओं और परिवारों पर भी असर

झामुमो की केंद्रीय सदस्य डॉ. नीलम मिश्रा ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि का असर केवल व्यापारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका बोझ महिलाओं और आम परिवारों पर भी पड़ रहा है।

राष्ट्रपति के नाम सौंपा गया ज्ञापन

धरना-प्रदर्शन के बाद झामुमो नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम एक मांग पत्र भी प्रेषित किया। ज्ञापन में व्यवसायिक गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई वृद्धि तत्काल वापस लेने, महंगाई पर नियंत्रण करने और आम जनता को राहत देने की मांग की गई।

बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ता

धरना कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से जिला उपाध्यक्ष मुकेश सिंह, हरेंद्र चौहान, समीर रवानी, महानगर अध्यक्ष मंटू चौहान, रमेश टुडू, मनोज रवानी और शंकर महतो समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता शामिल हुए।धरना के अंत में नेताओं ने एक स्वर में कहा कि यदि केंद्र सरकार ने महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया तो झामुमो आने वाले दिनों में और बड़ा आंदोलन छेड़ेगा।