बिहार: सम्राट चौधरी सरकार में विभागों का बंटवारा: निशांत बने स्वास्थ्य मंत्री, विजय सिन्हा को मिला कृषि विभाग
बिहार की सम्राट चौधरी सरकार में मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा हो गया है। मुख्यमंत्री ने गृह विभाग अपने पास रखा है, जबकि पहली बार मंत्री बने निशांत कुमार को स्वास्थ्य मंत्रालय मिला है। विजय सिन्हा, मिथिलेश तिवारी, श्रेयसी सिंह समेत कई नेताओं के विभागों में बड़ा बदलाव हुआ है। पढ़ें बिहार कैबिनेट की पूरी सूची।
- सम्राट सरकार में मंत्रालयों का बंटवारा, गृह विभाग CM के पास
पटना (Threesocieties.com Desk): बिहार में नई सम्राट सरकार के गठन के बाद अब मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा भी कर दिया गया है।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सबसे अहम गृह विभाग अपने पास रखा है। इसके साथ ही सामान्य प्रशासन, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी, निर्वाचन, सिविल विमानन और सभी अनावंटित विभाग भी मुख्यमंत्री के अधीन रहेंगे।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में ‘थलापति विजय’ की राह में रोड़ा! 118 विधायकों के बिना सरकार नहीं, राज्यपाल ने विजय को लौटाया

सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर हो रही है। पहली बार मंत्री बने निशांत कुमार को सीधे स्वास्थ्य मंत्रालय जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। इसे जदयू के भीतर बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है।
विजय सिन्हा का विभाग बदला, कृषि मंत्रालय मिला
पिछली सरकार में डिप्टी सीएम रहे विजय कुमार सिन्हा का विभाग बदल दिया गया है। अब उन्हें कृषि विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पहले उनके पास राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग था। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल को अब राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्रालय दिया गया है।
दोनों डिप्टी सीएम के पास अहम जिम्मेदारियां
जदयू कोटे से डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी को जल संसाधन और संसदीय कार्य विभाग मिला है। वहीं दूसरे डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव वित्त एवं वाणिज्य कर विभाग संभालेंगे। हालांकि उनसे ऊर्जा विभाग वापस ले लिया गया है। ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी पहली बार मंत्री बने बुलो मंडल को सौंपी गई है। इसे सरकार के भीतर नए चेहरों को आगे बढ़ाने की रणनीति माना जा रहा है।
शिक्षा BJP को, स्वास्थ्य JDU के खाते में
सम्राट सरकार में शिक्षा विभाग भाजपा के खाते में चला गया है। भाजपा नेता मिथिलेश तिवारी को नया शिक्षा मंत्री बनाया गया है। इसके बदले स्वास्थ्य विभाग जदयू को मिला, जिसकी कमान निशांत कुमार को दी गई है।
श्रेयसी सिंह को उद्योग मंत्रालय
महिला चेहरों को भी सरकार में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा की युवा नेता श्रेयसी सिंह को उद्योग और खेल विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। बिहार में निवेश और औद्योगिक विकास को लेकर अब उनसे बड़ी उम्मीदें लगाई जा रही हैं। वहीं जदयू के वरिष्ठ नेता अशोक चौधरी का विभाग बदलते हुए उन्हें खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्रालय सौंपा गया है।
बिहार सरकार में किस मंत्री को मिला कौन-सा विभाग
मुख्यमंत्री- सम्राट चौधरी (भाजपा) – गृह, सामान्य प्रशासन, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी, निर्वाचन, सिविल विमानन
डिप्टी सीएम- विजय कुमार चौधरी (जदयू) – जल संसाधन, संसदीय कार्य
डिप्टी सीएम- बिजेंद्र प्रसाद यादव (जदयू) – वित्त एवं वाणिज्य कर
भाजपा कोटे के प्रमुख मंत्री
विजय सिन्हा – कृषि
दिलीप जायसवाल – राजस्व एवं भूमि सुधार
मिथिलेश तिवारी – शिक्षा
श्रेयसी सिंह – उद्योग एवं खेल
रामकृपाल यादव – सहकारिता
नीतीश मिश्रा – नगर विकास एवं आवास, IT
जदयू कोटे के प्रमुख मंत्री
निशांत कुमार – स्वास्थ्य
अशोक चौधरी – खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण
श्रवण कुमार – ग्रामीण विकास, सूचना एवं जनसंपर्क
लेशी सिंह – भवन निर्माण
बुलो मंडल – ऊर्जा
अन्य दलों के मंत्री
संजय पासवान (लोजपा-आर) – गन्ना उद्योग
संजय सिंह (लोजपा-आर) – लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण
संतोष सुमन (हम) – लघु जल संसाधन
दीपक प्रकाश (रालोमो) – पंचायती राज
आधिकारिक अधिसूचना का इंतजार
हालांकि मंत्रियों के विभागों की जो सूची सामने आई है, वह फिलहाल सूत्रों के हवाले से बताई जा रही है। सरकार की ओर से अभी आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है। लेकिन विभागों के इस बंटवारे ने बिहार की राजनीति में नए समीकरणों और संदेशों की चर्चा तेज कर दी है।






