लोकल फीडबैक के आधार पर 5-10 हजार वोटों से राजमहल में होगी जीत
दुमका सीट 200 प्रतिशत जीतेंगे,शिबू सोरने इस बार चुनाव हार रहे हैं
रांची: सीएम रघुवर दास ने कहा है कि झारखंड में 13 लोक सीटों पर एनडीए गठबंधन की जीत को तय है. राजमहल लोकसभा सीट पर कांटे की लड़ाई है. 13 सीटों पर कोई दाग नहीं है. राजमहल में नेक टू नेक मुकाबला है. सीएम रांची बीजेपी स्टेट ऑफिस में सोमवार को मीडिया से बातचीत में बोल रहे थे.
सीएम ने यह भी कहा कि वहां से लोकल लेवल पर जो फीड बैक हमें मिल रहा है उसके आधार पर हम यह मान रहे हैं कि राजमहल में भी पांच से दस हजार वोटों के अंतर से बीजेपी चुनाव जीतेगी. सीएम ने दुमका व कोडरमा में आश्चर्यजनक परिणाम आने की बात कही है. रघुवर ने दावा किया कि गुरुजी 200 प्रतिशत चुनाव हार रहे हैं. उन्होंने हम दो, हमारे दो जैसा तंज भी कसा.
रघुवर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के विकास कार्यों से प्रभावित होकर मुसलमान लाभुक परिवारों ने भी मोदी सरकार में आस्था व्यक्त की है. मुस्लिम समाज का भी 10-15 परसेंट वोट बीजेपी को मिला है. इसके आधार पर हम कह सकते हैं कि राजमहल में भी हम 5-10 हजार वोटों के अंतर से जीत हासिल करेंगे. एक्जिट पोल के आधार पर कहा कि जो रुझान आ रहे हैं उससे स्पष्ट हो रहा है कि देश की जनता एक बार फिर मजबूत सरकार बनाने जा रही है. फिर एक बार मोदी सरकार आ रही है.

सीएम ने कहा कि कुछ एक्जिट पोल हमें स्टेट में 12 से 14 सीटें दे रहे हैं, तो कुछ आठ. इस पर मत जाइए, ट्रेंड देखिये. सत्ताधारी पार्टी के पांच साल पूरा करने के बाद लोगों का विश्वास शासन पर बना हुआ है. जनता समझ चुकी है क्या हमारे हित में है. उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल सहित सभी अन्य राज्यों में लोगों ने जातिवाद, हिंसावाद, संप्रदायवाद से ऊपर उठकर वोट दिया है.जीत पर विधिवत 23 मई को मुहर लगेगी. सीएम ने कहा कि जनता ने कांग्रेस पार्टी के नापाक गठबंधन को नकारा है. लोगों ने देश में मजबूत व निर्णय लेने वाली सरकार के लिए मतदान किया है, उस सभी का आभार.
सीएम ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ही नहीं सारा विपक्ष अपनी हार मान चुका है. विपक्ष में अब मंथन इस बात पर चल रहा है कि विपक्ष का नेता कौन होगा. बैठक की तैयारी हो रही है. एक्जिट पोल का ट्रेंड यह बता रहा है कि एक बार फिर मोदी सरकार आ रही है. विपक्ष को जनमत का आदर करना चाहिए.लोकतंत्र में मजबूत विपक्ष भी होना चाहिए. राहुल विपक्ष का नेतृत्व करें। तेजस्वी या दिग्विजय सिंह के वोट न डालने पर कहा कि लोकतंत्र में एक-एक वोट की अहमियत होती है.
पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही बीजेपी विधानसभा चुनाव लड़ेगी
सीएम ने संकेत दिया कि झारखंड में इसी वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव भी भाजपा नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही लड़ेगी. सीएम ने कहा कि चाहे देश का चुनाव हो या राज्य का, नेतृत्व एक बड़ा फैक्टर होता है. देश की जनता का विश्वास मोदी सरकार ने प्राप्त किया है. करोड़ों देशवासी मानते हैं कि यही नेतृत्व देश बदल सकता है. हमारे नेता मोदी जी है, वे भारतीय राजनीति के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं.