केरल: प्रियंका ने कहा: राहुल कहेंगे तो वाराणसी से नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ूंगी, वायनाड में भाई के लिए किया चुनाव प्रचार

वायनाड: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने रविवार को कहा कि यदि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी कहेंगे तो मैं वाराणसी से नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लडूंगी. प्रेस कांफ्रेस में रिपोटर्स ने प्रियंका से पूछा था कि क्या वह वाराणसी से चुनाव लड़ रही हैं. इस पर प्रियंका गांधी ने कहा कि यदि कांग्रेस अध्यक्ष मुझे वहां से चुनाव लड़ने के लिए कहेंगे तो मुझको खुशी होगी.उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने अभी तक वाराणसी सीट से अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है. कांग्रेस के स्थानीय कार्यकर्ता प्रियंका से चुनाव लड़ने की मांग भी कर रहे हैं. इससे पहले प्रियंका गांधी ने वायनाड के मक्कामकुन्नू में पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ जवान वीवी वसंत कुमार के परिजनों से मुलाकात की. प्रियंका ने कहा कि मेरी संवेदनाएं वसंत कुमार के परिवार के साथ हैं. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वायनाड लोकसभा क्षेत्र में राहुल गांधी के समर्थन में चुनाव प्रचार के लिए दो दिवसीय दौरे पर थी. प्रियंका का रविवार को वायनाड दौरे का अंतिम दिन था. उल्लेखनीय है कि कांग्रेस प्रसिडेंट राहुल गांधी अपनी पारंपरिक सीट अमेठी के अलावा वायनाड से भी चुनाव लड़ रहे हैं.