डोकलाम से लगे सीमा क्षेत्रों का दौरा करेगी संसदीय समिति, राहुल भी होंगे दल में शामिल

नई दिल्ली: विदेश मंत्रालय की स्थायी संसदीय समिति का एक दल मई में सिक्किम व अरुणाचल के सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा करेगा. दल सिक्किम से सटे डोकलाम में चीन से हुए विवाद के बाद के हालातों का जायजा लेगा. समिति के प्रमुख कांग्रेस नेता शशि थरूर व सदस्य कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी सीमा क्षेत्रों का जायजा लेंगे. शशि थरूर व राहुल गांधी भी होंगे दल में शामिल डोकलाम में चीन के साथ पिछले साल जून-अगस्त में कुल 73 दिन तक सैन्य गतिरोध चला था. इसे लेकर विदेश मंत्रालय की संसदीय समिति को पूर्व विदेश सचिव के साथ ही मौजूदा विदेश सचिव विजय गोखले कई बार सफाई दे चुके हैं. संसदीय समिति डोकलाम गतिरोध के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है. संसदीय समिति का एक दल उक्त दोनों सीमावर्ती राज्यों के जमीनी हालात का आकलन करेगा. इस दौरे का मकसद भारत-चीन सीमा के वास्तविक हालात का पता लगाना है. यदि संभव हुआ तो यह दल उस स्थान पर भी जाएगा, जहां चीनी घुसपैठ हुई थी.संसदीय दल सीमा के हालात पता लगाने के लिए हेलिकॉप्टर से हवाई सर्वेक्षण भी कर सकता है. इसके अलावा मौके पर तैनात रक्षा व सुरक्षा अधिकारियों से बातचीत भी की जाएगी. इससे पहले 31 सदस्यीय संसदीय समिति को विदेश मंत्रालय के अफसरों ने बताया कि डोकलाम मामले में भूटान, भारत के साथ है. दरअसल डोकलाम सिक्किम सेक्टर में आता है और यह तीनों देशों का ट्रायजंक्शन है.