नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने काउंटिंग से पहले VVPAT मिलान की विपक्षी दलों की मांग खारिज की

नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने काउटिंग शुरू होने से पहले वीवीपैट (VVPAT) की पर्चियों की ईवीएम (EVM) के आंकड़ों से मिलान की मांग को खारिज कर दिया है. निर्वाचन आयोग ने ईवीएम और वीवीपैट के मुद्दे पर अपनी बैठक में कहा है कि मतगणना तय नियमों के हिसाब से ही होगी. बैठक में आयोग के वरिष्‍ठ अधिकारियों के साथ निर्वाचन आयुक्त अशोक लवासा भी मौजूद थे. कांग्रेस, सपा, बसपा, तृणमूल कांग्रेस समेत 22 दलों ने मंगलवार को चुनाव आयोग के अधिकारियों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते हुए मांग की थी कि 23 मई को मतगणना शुरू होने से पहले बिना किसी क्रम के चुने गए पोलिंग स्टेशनों की ईवीएम का वीवीपैट पर्चियों के साथ मिलान कराया जाये. विपक्षी दलों के नेताओं ने Election Commission of India) से यह भी कहा था कि किसी पोलिंग बूथ में विसंगति पाये जाने की स्थिति में पूरे विधानसभा क्षेत्र में ईवीएम (EVM) के आंकड़ों का VVPAT पर्चियों से मिलान कराया जाये. विपक्ष ने ईवीएम में टेम्परिंग की भी आशंका भी जताई थी. आंध्र प्रदेश के सीएम व टीडीपी चीफ एन. चंद्रबाबू नायडू की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस के राजबब्‍बर, गुलाम नबी आजाद, अभिषेक मनु सिंघवी, बसपा के सतीश चंद्र मिश्रा, आप नेता अरविंद केजरीवाल, द्रमुक नेता कनिमोझी, भाकपा के डी. राजा और तृणमूल कांग्रेस के नेता शामिल थे. चंद्रबाबू नायडू ने चुनाव आयोग से लोकसभा चुनावों की मतगणना के दौरान ईवीएम के बजाय VVPAT से मतों की गिनती करने का आग्रह किया था. नायडू ने सोमवार को कहा था कि इस समय राजनीतिक पार्टियां ईवीएम की सुरक्षा में लगी हैं, क्योंकि ऐसी अफवाह है कि फ्रीक्वेंसी की मदद से ईवीएम में स्टोर डाटा बदला जा सकता है.सुप्रीम कोर्ट ने वीवीपैट के ईवीएम से 100 फीसदी मिलान की मांग वाली याचिका एक बार फिर खारिज कर दी है.