नई दिल्ली: सपा सांसद आजम खान लोकसभा की पीठासीन स्पीकर रमा देवी पर अमर्यादित टिप्पणी कर बुरी तरह घिर गये हैं. लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने आजम खान को अपने बयान पर सदन में बिना शर्त माफी मांगने को कहा है. इस मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक के बाद स्पीकर इस नतीजे पर पहुंचे कि एसपी सांसद आजम खान को बीजेपी सांसद रमा देवी से सदन में माफी मांगनी चाहिए वरना उनके खिलाफ कार्रवाई होगी.
उल्लेखनीय है कि लोकसभा में तीन तलाक पर चर्चा के दौरान समाजवादी पार्टी के रामपुर से सांसद आजम खान ने गुरुवार को सदन की अध्यक्षता कर रहीं भाजपा सांसद रमा देवी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी.
राजनीतिक दलों के साथ शुक्रवार को बैठक के बाद विपक्षी नेता और लोकसभा स्पीकर इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि गुरुवार को लोकसभा में भाजपा सांसद रमा देवी पर टिप्पणी को लेकर सपा सांसद आजम खान को सदन में माफी मांगनी चाहिए. अगर आजम खान माफी नहीं मांगते हैं तो स्पीकर उनके खिलाफ एक्शन ले सकते हैं. स्पीकर ओम बिड़ला आजम खान को नोटिस जारी कर माफी मांगने के लिए कहेंगे. अगर आजम खान माने तो सोमवार को सदन में माफी मांगेंगे. अगर नहीं माने तो स्पीकर सदन में फैसला सुनायेंगे.
संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी ने बताया कि लोकसभा स्पीकर एसपी सांसद आजम खान को सदन में अपने बयान के लिए माफी मांगने को कहेंगे. इस मुद्दे पर स्पीकर ओम बिरला ने सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता की और तय हुआ कि आजम खान को माफी मांगनी चाहिए वरना उन पर कार्रवाई होगी. जोशी ने बताया कि स्पीकर आजम खान से रमा देवी पर दिए उनके बयान के लिए सदन में बिना शर्त माफी मांगने को कहेंगे. अगर वह ऐसा नहीं करेंगे तो स्पीकर उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए अधिकृत हैं.
पूर्व विदेश मंत्री और भाजपा नेत्री सुषमा स्वराज ने कहा है कि आजम खान द्वारा बार बार दिए गए ऐसे बयान यह साबित करते हैं की वह मानसिक विकृति से ग्रस्त हैं. कल संसद में महिला सभापति को संबोधित करते हुए दिया गया उनका ब्यान बदसलूकी की सारी हदें पार कर गया. संसदीय मर्यादा का तकाजा है कि आजम खान को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए.
Azam Khan is known for making such statements which prove that he suffers from mental perversion. The statement that he made while addressing a lady Chairperson crossed all limits of decency. He deserves a stringent punishment to preserve the dignity and decorum of the House.
— Sushma Swaraj (@SushmaSwaraj) July 26, 2019
स्मृति इरानी ने कहा, आजम खान ने लोकसभा में ड्रामा किया. उन्होंने सदन को शर्मसार किया है, पुरुष सांसदों के नाम पर वे धब्बा हैं. इस तरह की बदसलूकी के बाद वे नहीं जा सकते.
अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि कांग्रेस महिलाओं के अपमान का विरोध करती है, कई बार ऐसा हुआ है कि सोनिया जी को संसद में 'इटली की कठपुतली' बोला गया. संसदीय कमेटी के पास यह मामला भेजा जाए, महिलाओं का सम्मान होना चाहिए.थावर चंद गहलोत व अनुराग ठाकुर ने कहा कि संसद के बाहर भी आजम खान महिलाओं का अपमान करते हैं. मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा, हम इस पूरे मामले के चश्मदीद हैं. आजम खान ने आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। वे सदन से माफी मांगे या निलंबित कर दिए जाएंगे. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने खेद और गुस्सा जाहिर करते हुए कहा सदन में जो भी हुआ निंदनीय है.असद्दुदीन ओवैसी ने कहा आजम खान पर स्पीकर फैसला लें. एमजे अकबर का मामले पर क्या हुआ.