पीएम मोदी की हत्या की साजिश रचने के बड़ा खुलासा

नई दिल्ली। गुजरात एटीएस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हत्या करने की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार आईएस आतंकी उबैद मिर्जा के खिलाफ अंकलेश्वर कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है। चार्जशीट में एटीएस ने कहा कि आईएस का संदिग्ध ऑपरेटिव उबैद मिर्जा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हत्या करना चाहता था इस घटना को स्नाइपर राइफल से अंजाम देना चाहता था। उबैद ने अपना यह इरादा मैसेजिंग ऐप पर जाहिर किया था। गुजरात एटीएस को उबैद का मोबाइल और पेन ड्राइव मिल गया है जिसमें सारी जानकारी मौजूद है। उबैद को पीएम की हत्या की साजिश रचने के आरोप में 25 अक्टूबर 2017 को गिरफ्तार किया था इसके साथ एक और शख्स कासिम स्तिमबेरवला को भी गिरफ्तार किया था। ये दोनों सूरत के रहने वाले हैं। गौर करने वाली बात है कि उबैद मिर्जा पेशे से वकील है और कासिम लैब टेक्नीशियन का काम करता है। एटीएस ने इस बात का भी खुलासा किया है कि लैब टेक्नीशियन कासिम ने गिरफ्तारी से करीब 21 दिनों पहले ही नौकरी छोड़ दी थी और वह जमैका भागना चाहता था। वहां कट्टरपंथी मौलवी शेख अब्दुल्लाह अल फैसल के साथ इस्लामिक संगठन के जिहादी मिशन में शामिल होना चाहता था। कासिम ने इसके लिए जमैका में नौकरी के लिए वर्क परमिट भी हासिल कर लिया था। चार्जशीट में मौजूद जानकारी के अनुसार 10 सितंबर 2016 को मिर्जा ने संदेश भेजा, ‘‘पिस्तौल खरीदना है और उसके बाद मैं उनसे संपर्क करने का प्रयास करूंगा।’’ मिर्जा को रात 11 बजकर 28 मिनट पर एक व्यक्ति से संदेश मिला, ठीक, मोदी को स्नाइपर राइफल से मारते हैं।