यूपी:लखनऊ में CAA Protest में तोड़फोड़ करने वालों के फोटो सार्वजनिक,जगह-जगह पोस्टर लगे

  • प्रशासन 57 उपद्रवियों के पोस्टर-होर्डिंग उनके इलाकों में लगायेगा
  • थानावार मुहल्ले-मुहल्ले लगाये जायेंगे उपद्रवियों के पोस्टर
लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ में सीएए के विरोध को लेकर तोडफ़ोड़ कर सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले 57 उपद्रवियों के चेहरे सार्वजनिक किये गये हैं। प्रशासन ने उपद्रव के दोषियों के फोटोग्राफ उनके इलाकों और मुहल्लों में लगाने का फैसला किया है ताकि दूसरों को इससे सबक मिले। प्रशासन ने अब तक लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की वसूली जमा कराने के लिए आदेश जारी किए हैं। सीसीए विरोध को लेकर 19 दिसंबर को विभिन्न पार्टियों के समर्थकों ने टाउन में जबर्दस्त हिंसा की थी। कैसरबाग, ठाकुरगंज, हजरतगंज और हसनगंज में जमकर तोडफ़ोड़ हुई थी। पुलिस और प्रशासन ने 150 से अधिक लोगों को नोटिस जारी किया था। जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रशासन ने 57 लोगों को सरकारी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का दोषी पाया। डीएम अभिषेक प्रकाश के मुताबिक चार पुलिस स्टेशन एरिया में डेढ़ करोड़ से अधिक नुकसान की वसूली के लिए तीन आदेश जारी किये गये हैं। पुलिस अगर आगे भी साक्ष्य उपलब्ध करायेगी तो बाकियों से भी वसूली होगी। सभी को नोटिस जारी होने की तिथि से 30 दिन का समय दिया गया है। अगर निर्धारित समय तक शुल्क नहीं जमा किया तो फिर संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई होगी।डीएंम ने कहा कि उपद्रवियों के पोस्टर और होर्डिंग लगाने से दूसरे लोगों को सबक मिलेगा कि आगे किसी तरह के प्रदर्शन में बहकावे में आकर हिंसा या तोडफ़ोड़ नहीं करें। वर्ना इसी तरह उनके घर के बाहर भी पोस्टर चस्पा हो सकते हैं। कहां कितना नुकसान हजरतगंज - कुल नुकसान 6437637 उपद्रवी - 28 हसनगंज - कुल नुकसान 2176000 आरोपी - 13 कैसरबाग - कुल नुकसान 175000 उपद्रवी - 06 ठाकुरगंज - 6773900 उपद्रवी -10