रांची: पीएम किसान योजना की दूसरी किस्त के तौर पर झारखंड राज्य के पांच लाख किसानों के बैंक अकाउंट में में दो-दो हजार रुपये भेज दिये गये हैं. सीएम रघुवर दास ने सोमवार को रांची के खेलगांव में आयोजित किसान सम्मान समारोह कार्यक्रम में सांकेतिक रूप से बटन दबाकर किसानों के अकाउंट में राशि भेजी. सीएम ने समारोह में किसानों के बीच खाद और बीज का भी वितरण किया. रांची समेत राज्य के सभी जिलों में समारोह का आयोजन किया गया.
सीएम ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि अन्नदाता किसानों की जिंदगी में खुशहाली लाने के लिए प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत झारखंड में नवंबर तक 35 लाख किसानों के खाते में 2100 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की जायेगी. सीएम इस कार्यक्रम में बतौर चीफ गेस्ट व कृषि मंत्री रणधीर सिंह स्पेशल गेस्ट के रुप में मौजूद थे. एमएलए जीतू चरण राम, गंगोत्री कुजूर, चीफ सेकरेटी डीके तिवारी, कृषि सचिव पूजा सिंघल भी समारोह मेंमौजूद थे. राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में किसान समारोह में शिरकत करने आये थे.

झारखंड में पीएम किसान योजना के तहत 74 हजार नए किसान पहली बार लाभान्वित हुए. पीएम किसान योजना के दायरे में राज्य के 35 लाख किसान आएंगे, जिन्हें क्रमवार शामिल किया जायेगी. झारखंड सरकार की नियमों को लचीला बनाने की मांग को मान लिये जाने के बाद राज्य भर के किसान अब इस योजना के दायरे में आ गये हैं. सीएम रघुवर दास ने इस मामले में दस जून को केंद्रीय कृषि मंत्री के साथ उच्चस्तरीय बैठक की थी. बैठक में सहमति बनी थी कि झारखंड के सभी किसानों को इस योजना का लाभ दिया जायेगा.
झारखंड में लैंड रिकॉर्ड अपडेट न होने का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा था. पीएम किसान योजना के तहत सिर्फ उन्हीं किसानों के खाते में राशि भेजने का प्रावधान था, जिनका लैंड रिकॉर्ड अपडेट हो. झाारखंड में 10 परसेंट किसानों का ही लैंड रिकॉर्ड अपडेट है. यह रिकॉर्ड भी 1932 के खतियान के आधार पर है. इस कारण लाखों किसान में पीएम किसान योजना से होने वाले लाभ से वंचित हो रहे थे.