धनबाद पुलिस में ‘ऑपरेशन ट्रांसफर’ की आहट! 15–20 थानेदारों पर गिरेगी गाज, एक्टिव अफसरों को मिलेगी कमान
धनबाद पुलिस में बड़े स्तर पर ट्रांसफर की तैयारी, 10–12 थाना प्रभारियों पर गाज गिर सकती है। परफॉर्मेंस रिव्यू के बाद एक्टिव अफसरों को जिम्मेदारी देने की रणनीति, एसएसपी प्रभात कुमार की सख्त कार्यशैली से कभी भी आदेश जारी होने की संभावना।
- परफॉर्मेंस रिव्यू के बाद बड़े फेरबदल की तैयारी
- क्राइम कंट्रोल में ढिलाई पर सख्ती तय
धनबाद (Threesocieties.com Desk): कोयलांचल धनबाद में पुलिस महकमे के अंदर बड़ा प्रशासनिक भूचाल आने के संकेत मिल रहे हैं। जिला पुलिस में 15 से 20 थाना प्रभारियों के ट्रांसफर की चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार हालिया परफॉर्मेंस रिव्यू के बाद कई थानों की कमान बदली जा सकती है। खराब प्रदर्शन करने वाले थानेदारों पर कार्रवाई तय मानी जा रही है, जबकि बेहतर काम करने वाले अफसरों को अहम जिम्मेदारी मिलने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: धनबाद: केंदुआ में ‘जमीन के नीचे मौत’! धनबाद-बोकारो रोड 2 फीट धंसी, जहरीली गैस से बड़ा खतरा—इलाका सील
परफॉर्मेंस रिव्यू के बाद सख्त फैसला
पुलिस सूत्रों के मुताबिक हाल के दिनों में क्राइम कंट्रोल, केस डिस्पोजल, वारंट-कुर्की निष्पादन और विधि-व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई है। जिन थाना प्रभारियों के कामकाज में ढिलाई सामने आई है, उन्हें लाइन हाजिर करने या कम महत्वपूर्ण जगहों पर भेजने की तैयारी चल रही है। एसएसपी प्रभात कुमार की निगरानी में यह पूरा मूल्यांकन किया गया है, जिसमें साफ संकेत मिला है कि अब “नो परफॉर्मेंस, नो पोस्टिंग” का फॉर्मूला लागू होगा।
कई थाना क्षेत्रों में बदल सकती है कमान
जानकारी के अनुसार जिले के करीब आधा दर्जन थाना और ओपी प्रभारियों का कार्यकाल दो साल से अधिक हो चुका है। प्रशासनिक नियमों के तहत भी उनका ट्रांसफर जरूरी माना जा रहा है। धनबाद के साथ-साथ निरसा, बाघमारा व सिंदरी अनुमंडल के कई थानों में नए चेहरों की तैनाती की संभावना जताई जा रही है। खासकर शहरी और संवेदनशील इलाकों में ऐसे अफसरों को पोस्टिंग दी जाएगी जिनका रिकॉर्ड मजबूत और एक्शन तेज माना जाता है।
एक्टिव अफसरों को मिलेगा मौका
सूत्र बताते हैं कि इस फेरबदल में उन अधिकारियों को प्राथमिकता मिलेगी जो फील्ड में सक्रिय, अपराध नियंत्रण में प्रभावी और केस निपटाने में तेज हैं। लंबे समय से महत्वपूर्ण पोस्टिंग का इंतजार कर रहे कई इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर को इस बार मौका मिल सकता है। अपग्रेड पुलिस स्टेशनों के लिए भी बेहतर ट्रैक रिकॉर्ड वाले अफसरों के नामों पर चर्चा चल रही है।
अचानक जारी हो सकता है आदेश
एसएसपी प्रभात कुमार की कार्यशैली को देखते हुए ट्रांसफर-पोस्टिंग का आदेश कभी भी जारी हो सकता है। इससे पहले भी वे अचानक फैसलों के लिए जाने जाते रहे हैं, जिससे पूरे महकमे में हलचल मच जाती है। पुलिस विभाग के अंदर चर्चा है कि आने वाला आदेश कई थाना प्रभारियों की “किस्मत” तय करेगा—कौन अपनी कुर्सी बचाएगा और किसे नई जगह भेजा जाएगा।
‘क्लियर कट’ सिस्टम पर जोर
धनबाद पुलिस में मौजूदा नेतृत्व का फोकस पूरी तरह प्रोफेशनल सिस्टम पर है। सिफारिश या जुगाड़ की कोई जगह नहीं काम, एफिशिएंसी और रिजल्ट ही प्राथमिकताव क्राइम कंट्रोल में जीरो टॉलरेंस। अपने करीब 12 महीने के कार्यकाल में एसएसपी प्रभात कुमार ने पुलिसिंग सिस्टम में कई बदलाव किए हैं, जिससे कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की कोशिश की जा रही है।
क्या बदलेगा इस ‘ऑपरेशन ट्रांसफर’ से?
अपराध नियंत्रण में तेजी
लंबित मामलों के निपटारे में सुधार
वारंट-कुर्की कार्रवाई में बढ़ोतरी
फील्ड में पुलिस की सक्रियता बढ़ेगी






