धनबाद में एयरपोर्ट के लिए सांसद ढुलू महतो का अल्टीमेटम—21 अप्रैल से सड़क पर उतरेगी जनता

धनबाद एयरपोर्ट निर्माण को लेकर सांसद ढुलू महतो ने आंदोलन का अल्टीमेटम दिया। 21 अप्रैल से चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी, केंद्र ने जमीन देने का दिया निर्देश, राज्य सरकार पर उठे सवाल।

धनबाद में एयरपोर्ट के लिए सांसद ढुलू महतो का अल्टीमेटम—21 अप्रैल से सड़क पर उतरेगी जनता
एयरपोर्ट के लिए सड़क पर संघर्ष करेंगे ढुलू महतो।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद के विकास को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक बड़ा राजनीतिक और जन आंदोलन आकार लेता नजर आ रहा है। ढुलू महतो ने वर्षों से लंबित धनबाद एयरपोर्ट निर्माण की मांग को लेकर अपने प्रयासों को और तेज कर दिया है।

यह भी पढ़ें: धनबाद: झरिया को मिली बड़ी सौगात: 64 करोड़ से बनेगा आरएसपी कॉलेज का नया भवन, 7 साल का संघर्ष रंग लाया

धनबाद सांसद कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में सांसद ढुलू महतो ने स्पष्ट कहा कि एयरपोर्ट निर्माण सिर्फ एक परियोजना नहीं, बल्कि कोयलांचल के करोड़ों लोगों की आकांक्षाओं से जुड़ा मुद्दा है।उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर वे लगातार देश के शीर्ष नेतृत्व—नरेंद्र मोदी, अमित शाह और ज्योतिरादित्य सिंधिया से कई चरणों में मुलाकात कर चुके हैं और धनबाद में एयरपोर्ट की आवश्यकता को मजबूती से रखा है।

सांसद के इन सतत प्रयासों का असर अब दिखने लगा है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए झारखंड सरकार को एयरपोर्ट निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश जारी किया है। इसे धनबाद की कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास के लिए एक ऐतिहासिक अवसर माना जा रहा है। हालांकि, इस पूरे मामले में अब सबसे बड़ी बाधा राज्य सरकार की ओर से भूमि उपलब्ध कराने में हो रही देरी बनती जा रही है। सांसद ढुलू महतो ने इस पर कड़ा असंतोष जताते हुए कहा कि राज्य सरकार की निष्क्रियता धनबाद के विकास में रुकावट पैदा कर रही है।

 21 अप्रैल से चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी
भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ हुई बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि जल्द ही जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई, तो 21 अप्रैल से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। सांसद ने साफ शब्दों में कहा— "यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि धनबाद की जनता के अधिकार और विकास के लिए एक निर्णायक जनआंदोलन होगा।"

क्यों अहम है धनबाद एयरपोर्ट?

धनबाद देश के प्रमुख औद्योगिक और कोयला उत्पादक क्षेत्रों में से एक है। यहां एयरपोर्ट बनने से—

उद्योग और व्यापार को गति मिलेगी
निवेश के नए अवसर पैदा होंगे
पर्यटन और रोजगार में वृद्धि होगी
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी
राजनीतिक तापमान बढ़ा

एयरपोर्ट मुद्दे को लेकर अब राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा राज्य बनाम केंद्र की राजनीति का बड़ा केंद्र बन सकता है।