भाजपा नेता हत्याकांड में पूर्व मंत्री आबो देबी के देवर महेंद्र यादव को उम्रकैद

24 साल बाद कोर्ट का फैसला, वर्ष 1993 की 27 नवंबर को हुई थी ललन सिंह की हत्या धनबाद: भाजपा नेता ललन सिंह हत्याकांड में शनिवार को पूर्व मंत्री आबो देवी के देवर महेंद्र यादव को उम्र कैद की सजा सुनायी गयी है. अपर जिला व सत्र न्यायाधीश सप्तम सत्य प्रकाश की अदालत ने जेल में बंद जामाडोबा निवासी महेंद्र यादव को भादवि की धारा 302 में उम्रकैद व पच्चीस हजार रुपये जुर्माना की सजा सुनायी. जुर्माना राशि अदा नहीं करने पर तीन साल की अतिरिक्त सजा काटनी होगी. धनबाद जेल में बंद महेंद्र यादव को अदालत में पेशी करायी गयी. कोर्ट ने पिछले 21 नवंबर को महेंद्र को दोषी करार देते हुए न्यायिक हिरासत में धनबाद जेल भेज दिया था. वर्ष 1993 की 27 नवंबर को सुबह भाजपा नेता ललन सिंह अपनी बाइक से कतरास मोड़ झरिया जा रहे थे. ललन के भाई विपीन सिंह भी पीछे-पीछे चल रहे थे. मारुति वैन से छह व्यक्ति राइफल लिए भागा रेलवे क्रॉसिंग पर उतर ललन सिंह पर फायरिंग शुरू कर दी. यह मारुति महेंद्र के बड़े भाई योगेंद्र यादव की थी. गोली लगते ही ललन जख्मी हो कर गिर गये. जख्मी ललन सिंह को जेलगोड़ा अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. केस दर्ज कराने वाले विपिन ने गोली मारनेवाले छह व्यक्तियों में से तीन लेखा यादव, बाला यादव उर्फ बालेश्वर यादव व महेंद्र यादव की पहचान की थी. आरोप था कि गोली चला कर वे लोग फूसबंगला की ओर भाग गये.