बोकारो में ACB का बड़ा एक्शन: बालीडीह थाना का ASI अयूब अंसारी पांच हजार रुपये घूस लेते धराया

बोकारो के बालीडीह थाना में तैनात एएसआई अयूब अंसारी को एसीबी धनबाद टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। केस डायरी कमजोर करने के नाम पर घूस मांगने का आरोप, नया मोड़ में हुई कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप।

बोकारो में ACB का बड़ा एक्शन: बालीडीह थाना का ASI अयूब अंसारी पांच हजार रुपये घूस लेते धराया
ASI अयूब अंसारी घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार।

बोकारो (Threesocieties.com Desk): झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में एसीबी धनबाद की टीम ने मंगलवार को बोकारो जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बालीडीह थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक (ASI) अयूब अंसारी को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

यह भी पढ़ें: RJD की ‘मुखिया दीदी’ अब BJP के साथ! रितु जायसवाल की एंट्री से बिहार की राजनीति में बड़ा भूचाल

जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार एएसआई अयूब अंसारी बालीडीह थाना में दर्ज एक मामले के अनुसंधानकर्ता (आईओ) थे। आरोप है कि उन्होंने केस डायरी को कमजोर करने और आरोपी को राहत पहुंचाने के बदले शिकायतकर्ता से मोटी रकम की मांग की थी।  शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था, जिसके बाद उसने पूरे मामले की शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) धनबाद से की।

शिकायत की जांच के बाद ACB ने बिछाया जाल

एसीबी को शिकायत मिलने के बाद मामले का सत्यापन कराया गया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर डीएसपी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में विशेष धावा दल का गठन किया गया। इसके बाद पूरी रणनीति के तहत नया मोड़ इलाके में जाल बिछाया गया। बताया जा रहा है कि जैसे ही शिकायतकर्ता ने केमिकल लगे नोट एएसआई अयूब अंसारी को सौंपे, वैसे ही पहले से निगरानी कर रही एसीबी टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। कार्रवाई इतनी तेजी से हुई कि आरोपी को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

हाथ धुलवाते ही गुलाबी हुआ पानी

गिरफ्तारी के बाद एसीबी अधिकारियों ने मौके पर ही आरोपी के हाथ धुलवाए। हाथ धुलने के बाद पानी का रंग गुलाबी हो गया, जिससे यह साबित हो गया कि उन्होंने रिश्वत के पैसों को छुआ था। इसके बाद टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।ACB की इस कार्रवाई को झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। गिरफ्तारी के तुरंत बाद एसीबी की टीम आरोपी एएसआई को अपने साथ धनबाद ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस विभाग में मचा हड़कंप

बालीडीह थाना के पुलिस पदाधिकारी की गिरफ्तारी के बाद बोकारो पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है। एसीबी की कार्रवाई के बाद अब अन्य पुलिसकर्मियों में भी डर का माहौल देखा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, एसीबी आने वाले दिनों में भ्रष्टाचार से जुड़े अन्य मामलों पर भी लगातार कार्रवाई कर सकती है। झारखंड में हाल के दिनों में एसीबी की सक्रियता लगातार बढ़ी है। सरकारी कार्यालयों और पुलिस विभाग में रिश्वतखोरी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत कई अधिकारी और कर्मचारी पहले भी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अब बोकारो की यह कार्रवाई भी उसी कड़ी की एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।