धनबाद: बीसीसीएल कर्मचारियों को बड़ी राहत! आशनी सिंह की पहल पर 5 सूत्रीय मांगों पर बनी सहमति

बीसीसीएल प्रबंधन और राष्ट्रीय जनता कामगार संघ के बीच हुई महत्वपूर्ण बैठक में कर्मचारियों की 5 सूत्रीय मांगों पर सहमति बनी। चुनाव ड्यूटी का लंबित भुगतान, जनगणना कार्य का टीए-डीए, पेयजल व्यवस्था और जर्जर आवासों की मरम्मत जैसे मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय लिया गया।

धनबाद: बीसीसीएल कर्मचारियों को बड़ी राहत! आशनी सिंह की पहल पर 5 सूत्रीय मांगों पर बनी सहमति
लंबित भुगतान से लेकर आवास मरम्मत तक फैसला।
  • राष्ट्रीय जनता कामगार संघ और प्रबंधन के बीच महत्वपूर्ण वार्ता सम्पन्न
  • बीसीसीएल में कर्मचारियों के हित में बड़ा फैसला
  • चुनाव ड्यूटी भुगतान और पेयजल व्यवस्था पर बनी सहमति
  •  बीसीसीएल कर्मियों को मिलेगा लंबित भुगतान और बेहतर सुविधाएं

धनबाद (Threesocieties.com Desk) : बीसीसीएल कर्मचारियों से जुड़े कई लंबे समय से लंबित मुद्दों पर अब समाधान की उम्मीद जगी है। “राष्ट्रीय जनता कामगार संघ” की महामंत्री आशनी सिंह के नेतृत्व में बीसीसीएल प्रबंधन के साथ हुई महत्वपूर्ण वार्ता में कर्मचारियों की पांच प्रमुख मांगों पर सकारात्मक सहमति बनी।

यह भी पढ़ें:बिहार: अनंत सिंह को बड़ी राहत! MP-MLA कोर्ट ने गिरफ्तारी पर लगाई रोक,वायरल वीडियो केस में राहत

यह बैठक बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल और निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया की मौजूदगी में सम्पन्न हुई, जिसमें संघ के केंद्रीय पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को मजबूती से उठाया। बैठक के दौरान कर्मचारियों के हितों से जुड़े कई अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई और प्रबंधन की ओर से सकारात्मक रुख अपनाया गया।

चुनाव ड्यूटी का लंबित भुगतान होगा जारी

बैठक में यह सहमति बनी कि लोकसभा, विधानसभा एवं नगर निगम चुनाव के दौरान रविवार को ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों का लंबित भुगतान जल्द कराया जाएगा। लंबे समय से कर्मचारी इस भुगतान की मांग कर रहे थे।

जनगणना कार्य में लगे कर्मियों को मिलेगा T.A.-D.A.

जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों को टीए एवं डीए के आधार पर भुगतान सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी। इससे कर्मचारियों में खुशी देखी जा रही है।

Junior Overman और Mining Sardar कर्मियों को मिलेगी सुविधा

मुनीडीह क्षेत्र में पदस्थापित Junior Overman एवं Mining Sardar पद पर चयनित विभागीय कर्मियों के आवेदन के आधार पर आवश्यकता एवं रिक्ति के अनुसार अन्य क्षेत्रों में पदस्थापना पर सहमति बनी। इससे कई कर्मियों को राहत मिलने की संभावना है।

पेयजल व्यवस्था और आवास मरम्मत पर जोर

बैठक में बीसीसीएल के सभी क्षेत्रों के कार्यस्थलों एवं आवासीय कॉलोनियों में कर्मचारियों के लिए समुचित पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने पर सहमति बनी। इसके अलावा जर्जर आवासों की मरम्मत कराने का भी निर्णय लिया गया, जिससे कॉलोनियों में रहने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों को राहत मिलेगी।

संघ के कई पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में संघ की ओर से केंद्रीय उपाध्यक्ष अरविन्द सिंह, केंद्रीय सचिव अरुण प्रकाश पाण्डेय, कोयला भवन शाखा अध्यक्ष कौशिक चटर्जी, शाखा सचिव दरोगा महतो, अनिल पाण्डेय सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार संघर्ष करता रहेगा। वहीं, कर्मचारियों ने भी इस वार्ता को सकारात्मक पहल बताते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही सभी निर्णय धरातल पर दिखाई देंगे।