एएमयू विवादः अलीगढ़ में धारा 144 लागू, इंटरनेट सेवा भी बंद

अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में मोहम्मद अली जिन्ना की तस्वीर पर मचे बवाल के बाद शहर में धारा में 144 लागू कर दी गई है। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए इंटरनेट सेवाओं को भी बंद कर दिया गया है। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के छात्र भवन में जिन्ना की तस्वीर पर मचा विवाद दिल्ली तक पहुंच गया और इसके विरोध में दिल्ली के उत्तर प्रदेश भवन के सामने लोगों ने प्रदर्शन किया। अब एएमयू छात्रों के समर्थन में जेएनयू के छात्र भी उतर आए हैं। स्थानीय भाजपा सांसद व एएमयू कोर्ट मेंबर सतीश गौतम ने एएमयू के कुलपति प्रो. तारिक मंसूर को पत्र लिखकर पूछा था कि किन कारणों से जिन्ना की तस्वीर कई जगहों पर लगी हुई है। भाजपा सांसद ने सवाल किया था कि जिन्ना भारत और पाकिस्तान के बंटवारे के मुख्य सूत्रधार थे और इस समय भी पाकिस्तान गैरजरूरी हरकतें कर रहा है। ऐसे में जिन्ना की तस्वीर एएमयू में लगाना कितना तार्किक है? छात्रों का कहना है कि वे जिन्ना की विचारधारा से कोई ताल्लुक नहीं रखते लेकिन जिन्ना एएमयू के इतिहास का हिस्सा हैं ऐसे में उनकी तस्वीर वहां से नहीं हटेगी। अब प्रदर्शनकारी छात्रों ने पढ़ाई का बहिष्कार और परीक्षा में शामिल न होने का ऐलान किया था। एएमयू के कुलपति प्रोफेसर तारिक मंसूर ने जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल का दौरा किया। बुधवार को पुलिस लाठीचार्ज में घायल हुए छात्रों का इसी अस्पताल में इलाज चल रहा है। आपको बता दें कि स्थानीय डीएम एएमयू में 5 मई तक इंटरनेट बंद रखने का आदेश दिया है।