पटना-रांची: चारा घोटाला में सजा काट रहे आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद तीन दिन की पेरोल पर आखिरकार अपने पुत्र तेजप्रताप की शादी में भाग लेने के लिए गुरुवार शाम पटना पहुंच गये. लालू 138 दिनों बाद अपने घर पहुंचे हैं. लालू प्रसाद यादव क घर पहुंचते ही आंख से खुशी के आंसू निकल पड़े.लालू रविवार तक पटना में परिवार के साथ रहेंगे और 14 मई को रांची वापस लौट जायेंगे. लालू के बड़े बेटे तेज प्रताप की शादी समारोह 12 मई को है. पेरोल पर आये लालू इस दौरान लालू किसी तरह की राजनीतिक बयानबाजी नहीं करेंगे.
बेटी मीसा भारती, पुत्र तेज प्रताप, तेजस्वी आरजेडी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के भारी हुजूम के के साथ लालू प्रसाद की अगवानी के लिए पटना एयरपोर्ट पहुंचे हुये थे. एयरपोर्ट से लालू शाम सात बजे व्हीलचेयर पर बाहर निकले तो भीड़ ने नारेबाजी तेज कर दी. लालू के साथ उनके करीबी एमएलए भोला यादव समेत दो डाक्टरों की टीम भी पहुंची है. लालू को पेरोल पर तीन दिनों के लिए सशर्त रिहा किया गया है. इस दौरान उन्हें सिर्फ पटना में रहना होगा और किसी तरह की बयानबाजी से बचना होगा.वह सिर्फ अपने बेटे के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके अलावा लालू किसी अन्य कार्यक्रम या जगह पर नहीं जायेंगे. किसी प्रकार का बयान सोशल, प्रिंट या इलेक्ट्रानिक मीडिया में जारी नहीं करेंगे. शर्तों के उल्लंघन पर पेरोल को रद कर उन्हें तत्काल वापस बुलाया जा सकता है. उन्हें रिम्स के डॉक्टरों की सलाह के अनुपालन की भी हिदायत दी गयी है.
लालू कई तरह की बीमारियों से घिरे काफी कमजोर नजर आ रहे थे. इसलिए उन्हें एयरपोर्ट से गाड़ी तक आने के लिए व्हीलचेयर का सहारा लेना पड़ा. हालांकि पटना रवाना होने से पहले रांची के डॉक्टरों ने उनकी सेहत ठीक बताई थी.
138 दिन बाद लौटे घर
रांची की सीबीआई कोर्ट में चारा घोटाले के देवघर कोषागार से निकासी मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद पिछले साल 23 दिसंबर से लालू रांची जेल में बंद हैं. इसमें छह जनवरी 2018 को लालू को साढ़े तीन साल की सजा सुनाई गयी थी. बीमार होने पर पर लालू को 17 मार्च को रिम्स में भर्ती किया गया था. लालू की बीमारी में लगातार सुधार नहीं होने पर 28 मार्च को एम्स रेफर कर दिया गया था. एम्स से उन्हें 30 अप्रैल को डिस्चार्ज कर दोबारा रिम्स भेज दिया गया.
12 मई को है तेज प्रताप की शादी
लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की शादी 12 मई को पटना में होनी है. इस शादी में शामिल होने के लिए लालू ने कोर्ट से पेरोल मांगी थी. इससे पहले 18 अप्रैल को तेज प्रताप की सगाई में लालू शामिल नहीं हो पाए थे. उस दौरान लालू का दिल्ली के एम्स में इलाज चल रहा था.