- मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना से किसान बनेंगे सशक्त, झारखंड होगा समृद्ध
- 35 लाख किसानों में पहले चरण में 15 लाख किसानों के खाते में मिलेगी पहली किश्त की राशि
रांची: सीएम रघुवर दास की सबसे अहम प्राथमिकता गांव और किसान है. राज्य के 35 लाख किसानों के बीच खाते में केंद्र और राज्य के द्वारा 5000 करोड़ की राशि बंटेगी. राज्य सरकार इसमें 3000 करोड़ की राशि वितरित करेगी. मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना का शुभारंभ 10 अगस्त को होगा. फस्ट फेज में लगभग 15 लाख किसानों को इसका लाभ देने का टारगेट है. किसानों को उनके खाते में डीबीटी के माध्यम से राशि उपलब्ध कराई जानी है. लाभुक किसानों के निर्धारित सॉफ्टवेयर में डेटा इंट्री कर अपलोडिंग हर हाल में सुनिश्चित किया जाये. सीएम के प्रिंसिपल सेकरेटरी डॉक्टर सुनील कुमार वर्णवाल ने मंगलवार को सूचना भवन में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के डीसी को ये निर्देश दिये. उन्होंने सभी डीसी से कहा कि वे किसानों और उसके कृषि योग्य जमीन से जुड़े रिकॉर्ड्स के पीएमएफएफ डेटा इंट्री के लंबित मामलों को निपटायें, ताकि उन्हें मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना का लाभ दिया जा सके. मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना योजना के तहत प्रति एकड़ किसानों को पांच हजार रुपए दिए जायेंगे, जो अधिकतम 5 एकड़ के लिए 25000 होगा. सीएम के प्रिंसिपल सेकरेटरी डॉ सुनील कुमार वर्णवाल और कृषि सचिव पूजा सिंघल ने सभी डीसी के साथ मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना को लेकर वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक कर अहम् निर्देश दिये.
लापरवाहअफसर व स्टाफ होंगे सस्पेंड
डॉक्टर वर्णवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना का लाभ हर हाल में किसानों को मिलना चाहिए. इस योजना के लाभुकों में किसानों का नाम दर्ज करने में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी और कर्मचारी सस्पेंड किए जायेंगे.इस तरह के मामलों का निपटारा अविलंब करने के लिए आवश्यकतानुसार कैंप लगाकर अथवा शिफ्ट में कर्मियों की ड्यूटी लगाई जायें. उन्होंने कहा कि तीनअगस्त को वे इस मामले की फिर से समीक्षा करेंगे.
किसानों को लाभ पहुंचाना पुण्य का है काम
कृषि विभाग की सचिव पूजा सिंघल ने समीक्षा बैठक के दौरान डीसी व अन्य अफसरों को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों के विकास व उनकी आय को दोगुना करने का लक्ष्य हर हाल में हासिल करना है. यह तभी संभव है, जब हम किसानों को खेती के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध करायेंगे.
35 लाख किसानों को दी जानी है आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के 35 लाख किसानों को आर्थिक सहायता दिया जाना है. पहले चरण में 15 लाख किसानों को इस योजना के लिए चयनित किया गया है. इन किसानों तक इस महत्वकांक्षी योजना को लाभ पहुंचाना पुण्य का काम है. अतः इसे सर्वोपरि प्राथमिकता देते हुए किसानों तक इसका फायदा सुनिश्चित करने में अहम योगदान क.। उन्होंने यह भी कहा कि इस योजना के लिए किसानों के डेटा इंट्री के लॉग-इन में अगर किसी तरह की दिक्कत आ रही है तो वे कृषि विभाग से संपर्क करें, ताकि सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सहयोग से तैयार की कई सॉफ्टवेयर में खामियों को दूर किया जा सके. वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक में कृषि विभाग के निदेशक छवि रंजन, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एंड ई-गवर्नेंस विभाग के निदेशक उमेश कुमार समेत कई अफसर मौजूद थे.