धनबाद डीसी आदित्य रंजन का जनता दरबार: जमीन हड़पने, फर्जी डीड और पेंशन-आवास की पहुंची शिकायतें

धनबाद में उपायुक्त आदित्य रंजन ने जनता दरबार में जिलेभर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। जमीन हड़पने, फर्जी डीड, अबुआ आवास, पेंशन, मुआवजा और इलाज सहायता समेत कई मामलों पर प्रशासन ने कार्रवाई का भरोसा दिया।

धनबाद डीसी आदित्य रंजन का जनता दरबार: जमीन हड़पने, फर्जी डीड और पेंशन-आवास की पहुंची शिकायतें
जनता दरबार में पहुंचे धनबाद के हर इलाके के लोग।
  • ‘भू-माफियाओं से बचाइए जमीन’… डीसी के जनता दरबार में उमड़ी फरियादियों की भीड़
  •  फर्जी कागजात से जमीन बिक्री, पेंशन और आवास को लेकर शिकायतें
  •  ग्रामीणों ने खोली भू-माफियाओं की पोल, कई गंभीर मामलों पर कार्रवाई के निर्देश
  • डीसी आदित्य रंजन बोले- जनता की समस्या समाधान प्रशासन की पहली प्राथमिकता

धनबाद (Threesocieties.com Desk): जिले में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर आयोजित जनता दरबार में मंगलवार को बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें: बोकारो में चोरी का 12 घंटे में खुलासा: रेलवे क्वार्टर से सामान उड़ाने वाले दो शातिर गिरफ्तार, सामान बरामद

जनता दरबार में बैंक मोड़, तोपचांची, बरवाअड्डा, निरसा, कतरास, गोविंदपुर, भूली, बलियापुर, पूर्वी टुंडी, धनबाद, झरिया और टुंडी सहित विभिन्न इलाकों से लोग पहुंचे। लोगों ने जमीन विवाद, पेंशन, आवास, मुआवजा, इलाज सहायता और अतिक्रमण जैसे कई मामलों को उपायुक्त के समक्ष रखा।

भू-माफियाओं पर ग्रामीणों का बड़ा आरोप

जनता दरबार में गोविंदपुर प्रखंड के बड़ापिछड़ी कसियाटांड से पहुंचे ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भू-माफिया उनकी पुस्तैनी रैयती जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। ग्रामीणों ने दावा किया कि फर्जी कागजात तैयार कर जमीन की अवैध बिक्री की जा रही है। इस शिकायत पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं तेतुलमारी से आई एक महिला ने भी आरोप लगाया कि उनकी जमीन को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर किसी अन्य व्यक्ति द्वारा बेचा जा रहा है। महिला ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।

आवास, पेंशन और मुआवजा से जुड़े कई आवेदन

जनता दरबार में अबुआ आवास योजना का लाभ नहीं मिलने, मानदेय भुगतान लंबित रहने, मुआवजा नहीं मिलने, परिवार का नाम विशेष गहन पुनरीक्षण में दर्ज कराने तथा इलाज के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करने से संबंधित कई आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा बंदोबस्ती जमीन, जन्म प्रमाण पत्र बनाने, अतिक्रमण हटाने और सामाजिक सुरक्षा पेंशन नहीं मिलने की शिकायतें भी बड़ी संख्या में सामने आईं।

तालाब जीर्णोद्धार और ब्लास्टिंग से परेशानी का मुद्दा भी उठा

एगारकुंड अंचल क्षेत्र से पहुंचे लोगों ने सार्वजनिक तालाब के जीर्णोद्धार की मांग उठाई। वहीं कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि जमीन हड़पने से जुड़े मामलों में अंचल कार्यालय उचित कार्रवाई नहीं कर रहा है। चालधोवा क्षेत्र से आए ग्रामीणों ने पत्थर खदानों में हो रही ब्लास्टिंग से गांव में कंपन और परेशानी होने की शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों का कहना था कि लगातार विस्फोट होने से घरों में दरारें पड़ने और लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

“जन समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता” : उपायुक्त

जनता दरबार के दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन ने लोगों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन हर शिकायत पर विधिसम्मत कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि आमजनों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर निराकरण का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें ताकि लोगों को राहत मिल सके।