बोकारो में चोरी का 12 घंटे में खुलासा: रेलवे क्वार्टर से सामान उड़ाने वाले दो शातिर गिरफ्तार, सामान बरामद
बोकारो के बालीडीह थाना क्षेत्र स्थित रेलवे कॉलोनी में बंद क्वार्टर में हुई चोरी का पुलिस ने महज 12 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का लैपटॉप, पंखा, साइकिल, फोल्डिंग बेड समेत कई सामान बरामद किए हैं।
- लैपटॉप से लेकर साइकिल तक बरामद, लोहे का रॉड भी जब्त
- रेलवे क्वार्टर का ताला तोड़कर की थी लाखों की चोरी
- बोकारो पुलिस का ऑपरेशन सक्सेस: बालीडीह पुलिस ने रातभर में खोला राज
बोकारो (Threesocieties.com Desk): बोकारो जिले के बालीडीह थाना क्षेत्र स्थित रेलवे कॉलोनी में बंद पड़े क्वार्टर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अपराधियों में कुर्मीडीह निवासी अमित कुमार सिंह और मदन कुमार शामिल हैं। पुलिस ने चोरी गए कई सामानों को भी बरामद कर लिया है।
यह भी पढ़ें:धनबाद में अवैध खनन पर बड़ा एक्शन प्लान! BCCL-CISF की हाईलेवल बैठक में संयुक्त अभियान के निर्देश
डीएसपी पवन कुमार ने थाना प्रभारी पुलिस इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह एवं अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार सिंह इस चोरी कांड का मास्टरमाइंड है। दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए कई सामान बरामद किए हैं। बरामद वस्तुओं में लैपटॉप, पंखा, कुर्सी, साइकिल, स्टेबलाइजर, फोल्डिंग बेड, प्लास्टिक ड्रम, बैग समेत अन्य घरेलू सामान शामिल हैं। इसके अलावा ताला तोड़ने में इस्तेमाल किया गया लोहे का रॉड भी पुलिस ने जब्त किया है।
पड़ोसी की सूचना से खुला मामला
जानकारी के अनुसार, रेलवे क्वार्टर निवासी रिया मुखर्जी किसी काम से बाहर गई हुई थीं। शनिवार देर रात चोरों ने बंद पड़े क्वार्टर को निशाना बनाया और ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रविवार सुबह पड़ोसी बसंती देवी ने क्वार्टर का टूटा ताला देखा। शक होने पर उन्होंने अंदर जाकर देखा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और कई कीमती सामान गायब थे। इसके बाद उन्होंने तत्काल बालीडीह थाना को सूचना दी।
एसआईटी गठन के बाद मिली सफलता
घटना की सूचना मिलते ही बालीडीह थाना में कांड संख्या 95/26 के तहत धारा 331(4)/305(ए) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष एसआईटी टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी एवं गुप्त सूचना के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से चोरी गई सामग्री भी बरामद हो गई।
पुलिस की तत्परता की हो रही सराहना
महज 12 घंटे के भीतर चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी और सामान बरामद करने पर बालीडीह पुलिस की कार्यशैली की सराहना की जा रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की सक्रियता को सराहा और कहा कि इससे अपराधियों में डर का माहौल बनेगा।






