धनबाद: एक्स डिप्टी मेयर नीरज सिंह मर्डर केस में आईओ की गवाही शुरू, जब्त सामान कोर्ट में पेश की गयी

धनबाद: कोयला राजधानी धनबाद की बहुचर्चित एक्स डिप्टी मेयर नीरज सिंह समेत चार लोगों की मर्डर केस में इन्वेस्टिगेटिंग अफसर इंस्पेक्टर निरंजन तिवारी की गवाही शुरु हो गयी है. आइओ श्री तिवारी ने मामले में गुरुवार को कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराया. जिला एवं सत्र न्यायाधीश आलोक कुमार दूबे की कोर्ट में गवाही शुरू हुई. कोर्ट ने सुनवाई के लिए नौ अगस्त को अगली तारीख निर्धारित की है. समयाभाव के कारण अआज आईओ की गवाही पूरी नहीं हो सकी. कोर्ट में गवाही के दौरान झरिया एमएलए संजीव सिंह समेत सभी आरोपितों को कड़ी सुरक्षा के बीच पेश किया गया. कोर्ट से मिली गवाह के बयान की सच्ची प्रतिलिपी के अनुसार आईओ ने अपनी गवाही में कोर्ट में कहा कि घटना के समय वे चिरकुंडा थाना के प्रभारी थे. वर्ष 2017 की 23 मार्च उन्होंने अनुसंधान का चार्ज लिया था. केस का चार्ज लेने बाद उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया. घटनास्थल से शीशा का टुकड़ा, गोली का खोखा, मोबाइल फोन, खून का नमूना और फॉच्र्यूनर गाड़ी जब्त किया गया था. कांड के सूचक अभिषेक सिंह, एकलव्य सिंह, आदित्य समेत अन्य गवाहों का बयान दर्ज किया था. आईओ निरंजन तिवारी ने कोर्ट में कहा कि कुसुम बिहार के राम अहलाद राय ने 22 मार्च को सरायढेला थाना प्रभारी अरविंद कुमार को सूचना दी थी कि उनके घर में चार लोग रेंट पर रहते थे. घर को रेंट पर मुन्नाजी ने दिलाया था. घर का ताला पीछे से बंद हैं और वे लोग घर में नहीं हैं. उक्त सूचना पर मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में उस कमरे का ताला तोड़कर तलाशी ली गई थी. कमरे से चार समाचार पत्र जिस पर नक्शा बना हुआ और मोबाइल नंबर लिखा था एवं नीरज सिंह का फोटो भी मिला था. कमरे से चावल, दाल एंव मिर्ची पाउडर इत्यादि भी बरामद किए गए थे जो नष्ट हो चुके हैं.