धनबाद में एडवोकेट का कार्य बहिष्कार जारी, आज हाइकोर्ट में भी कार्य बहिष्कार

रांची, कोलकाता से पहुंचे वकीलों ने दिया समर्थन, हजारीबाग में भी अाज कार्य बहिष्कार धनबाद: एडवोकेट अश्विनी कुमार को बैंक मोड़ पुलिस द्वारा पॉक्सो एक्ट में अरेस्टिंग व जेल भेजने के खिलाफ धनबाद में वकीलों का आंदोलन तेजो हो गया है. धनबाद में एडवोकेट ने गुरुवार को दूसरे दिन भी न्यायिक कार्यों का बहिष्कार जारी रखा. झारखंड बार काउंसिल के कई मेंबर तथा कोलकाता हाइकोर्ट के एडवोकेट गुरुवार धनबाद पहुंचे और आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की. एडवोकेट शुक्रवार को झारखंड हाइ कोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस डीएन पटेल से मिल कर शीघ्र कार्रवाई की मांग करेंगे. बार एसोसिएशन का एक प्रतिनिधि मंडल रांची जाकर एक्टिंग चीफ जस्टिस डीएन पटेल से मिलेगा. न्यायिक जांच कराने का आग्रह करेगा. चीफ जस्टिस ने कल अपराह्न चार बजे मिलने का समय दिया है. धनबाद जिला के चार हजार एडवोकेट ने दूसरे दिन गुरुवार को भी यायिक कार्यों का अनिश्चितकालीन बहिष्कार जारी रखा. इससे कोर्ट का कामकाज पूरी तरह ठप रहा. सैकड़ों मामले की सुनवाई नहीं हो सकी. धनबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी की अध्यक्षता में बार एसोसिएशन गेट पर एक सभा हुई. सभा को झारखंड हाइ कोर्ट बार एसोसिएशन के महासचिव सह स्टेट बार काउंसिल के मेंबर हेमंत सिकरवार, स्टेट बार काउंसिल के मेंबर कुंदन प्रकाशन, रिंकू भगत, प्रशांत सिंह ने अश्विनी कुमार की गिरफ्तारी की निंदा की. धनबाद एवं गढ़वा की घटना को लेकर शुक्रवार को हाइकोर्ट में काम-काज का बहिष्कार करने की भी घोषणा की गयी. हजारीबाग के अधिवक्ता भी कल काम से अलग रहेंगे. स्टेट भर में स्ट्राइक की चेतावनी सभा में एडवोकेटों ने कहा कि दो-तीन दिनों में मामले की न्यायिक जांच नहीं हुई तो पूरे राज्य में वकील अपने को न्यायिक कार्यों से अलग कर लेंगे. इस बार आर-पार की लड़ाई होगी. सभा को बार के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी, महासचिव विदेश कुमार दा, आरोपित एडवोकेट की पत्नी के अलावा परमेश्वर लाल बर्णवाल ,अमल महतो,अमित सिंह, मुकुल कुमार, सहदेव महतो, पीके भट्टाचार्य, कोलकाता हाइकोर्ट के प्रशांत चटर्जी सहित कई अधिवक्ताओं ने संबोधित किया. आरोपित की पत्नी ने कहा कि पुरानी रंजिश को लेकर उनके पति को फंसाया गया है.