Good News: 7 जून से पहले दौड़ेगी गाड़ियां! भागलपुर विक्रमशिला सेतु पर चौथे बेली ब्रिज का काम अंतिम चरण में
भागलपुर के विक्रमशिला सेतु पर 7 जून से पहले आवागमन शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। तीन बेली ब्रिज की लॉन्चिंग पूरी हो चुकी है, चौथे बेली ब्रिज का निर्माण अंतिम चरण में है। BRO, जिला प्रशासन और IIT की निगरानी में युद्धस्तर पर काम जारी।
- भागलपुर-उत्तर बिहार की लाइफलाइन फिर होगी चालू
- विक्रमशिला सेतु पर जल्द शुरू होगा आवागमन
- BRO का कमाल! विक्रमशिला सेतु पर तीन बेली ब्रिज तैयार
भागलपुर (Threesocieties.com Desk) : उत्तर बिहार और भागलपुर को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण जीवन रेखा विक्रमशिला सेतु को लेकर बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। करीब एक महीने से आवागमन बाधित होने से परेशान लाखों लोगों के लिए अब राहत की उम्मीद दिखाई दे रही है। जिला प्रशासन ने दावा किया है कि सात जून से पहले किसी भी स्थिति में पुल पर वाहनों का परिचालन फिर से शुरू करा दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें:बिहार: अनंत सिंह केस में बड़ा ट्विस्ट: हथियार लहराने वाले वायरल वीडियो मामले की जांच अब CID के हवाले
विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर काम चल रहा है। सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीम दिन-रात निर्माण कार्य में जुटी हुई है। अब तक तीन बेली ब्रिज की लॉन्चिंग सफलतापूर्वक पूरी की जा चुकी है, जबकि भागलपुर साइड में बनने वाले चौथे बेली ब्रिज का कार्य भी अंतिम चरण में पहुंच गया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि तय समय सीमा के भीतर हर हाल में काम पूरा किया जाए।
यह भी पढ़ें: विक्रमशिला सेतु पर BRO का ‘मिशन रफ्तार’: 24 घंटे में बिछा 170 फीट स्टील चदरा, 5 जून तक दौड़ेंगे हल्के वाहन!
चौथे बेली ब्रिज का काम जल्द होगा शुरू
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार चौथे बेली ब्रिज के लिए फाउंडेशन की लाइनिंग लगभग पूरी कर ली गई है और अगले एक-दो दिनों में निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। चौथे ब्रिज के पूरा होते ही मुख्य संरचनात्मक कार्य लगभग समाप्त माना जाएगा। हालांकि, शुक्रवार दोपहर हुई बारिश के कारण निर्माण कार्य कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ, लेकिन रात में फिर काम शुरू कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि मौसम की बाधाओं के बावजूद कार्य रफ्तार नहीं खोएगा।
यह भी पढ़ें: बिहार की लाइफलाइन टूटी: भागलपुर में विक्रमशिला सेतु का पिलर 133 गंगा में समाया, रातों-रात ठप हुआ ट्रैफिक
केवल पुल नहीं, पूरी यातायात व्यवस्था तैयार की जा रही
प्रशासन केवल बेली ब्रिज निर्माण तक सीमित नहीं है। संपर्क सड़क निर्माण, ट्रैफिक कंट्रोल व्यवस्था, रोड मार्किंग, शेड निर्माण और अन्य सहायक संरचनाओं पर भी तेजी से काम चल रहा है। जिला प्रशासन का मानना है कि यदि ये व्यवस्थाएं समय पर पूरी हो जाती हैं, तो छोटी गाड़ियों का परिचालन पहले शुरू किया जा सकता है।
तीसरे बेली ब्रिज का ट्रायल भी जल्द
24 मीटर लंबे तीसरे बेली ब्रिज का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। अब इस पर स्टील प्लेट बिछाने और अंतिम तकनीकी फिटिंग का काम जारी है। इसके बाद बिहार राज्य पुल निर्माण निगम और IIT पटना की टीम संयुक्त रूप से तीनों बेली ब्रिज का तकनीकी परीक्षण करेगी। ट्रायल और क्षमता जांच रिपोर्ट आने के बाद बड़े वाहनों के परिचालन पर फैसला लिया जाएगा।
भागलपुर समेत कई जिलों की सांसें इस पुल से जुड़ी
तीन मई की रात विक्रमशिला सेतु का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन ने तत्काल आवागमन रोक दिया था। इसके बाद भागलपुर, खगड़िया, कटिहार, पूर्णिया और उत्तर बिहार के कई हिस्सों का संपर्क प्रभावित हो गया। इस पुल के बंद होने से व्यापार, परिवहन और आम लोगों की आवाजाही पर बड़ा असर पड़ा। अब लोगों को उम्मीद है कि जून के पहले सप्ताह में परिचालन शुरू होने से राहत मिलेगी।
रिंग रोड योजना भी बनी चर्चा का विषय
पथ निर्माण मंत्री शैलेंद्र कुमार के अनुसार अगुआनी घाट से लगभग 50 किलोमीटर लंबी रिंग रोड परियोजना पर भी सर्वे और DPR का काम शुरू हो गया है। इस परियोजना से भविष्य में वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिल सकती है।
क्या बोले डीएम?
डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा है कि "तीन बेली ब्रिज की लॉन्चिंग पूरी हो चुकी है। चौथे बेली ब्रिज का कार्य भी जल्द शुरू होगा। संपर्क सड़क, ट्रैफिक नियंत्रण, मार्किंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर तेजी से काम चल रहा है। हमारी कोशिश है कि सात जून से पहले आवागमन आरंभ करा दिया जाए।"
फिलहाल भागलपुर से लेकर उत्तर बिहार तक लाखों लोगों की निगाहें अब 7 जून की डेडलाइन पर टिकी हुई हैं।






