विक्रमशिला सेतु पर BRO का ‘मिशन रफ्तार’: 24 घंटे में बिछा 170 फीट स्टील चदरा, 5 जून तक दौड़ेंगे हल्के वाहन!

भागलपुर के विक्रमशिला सेतु पर BRO ने युद्धस्तर पर काम करते हुए 24 घंटे में 170 फीट स्टील डेकिंग बिछाकर बेली ब्रिज निर्माण का पहला चरण पूरा कर लिया। 5 जून तक हल्के वाहनों की आवाजाही शुरू होने की उम्मीद है।

विक्रमशिला सेतु पर BRO का ‘मिशन रफ्तार’: 24 घंटे में बिछा 170 फीट स्टील चदरा, 5 जून तक दौड़ेंगे हल्के वाहन!
BRO ने 170 फीट बेली ब्रिज किया तैयार।

  • विक्रमशिला सेतु पर युद्धस्तर पर काम, जल्द बहाल होगी आवाजाही

भागलपुर (Threesocieties.com Desk) : उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण विक्रमशिला गंगा सेतु पर सीमा सड़क संगठन (BRO) ने युद्धस्तर पर काम करते हुए बड़ा इंजीनियरिंग कारनामा कर दिखाया है। ध्वस्त हिस्से पर बनाए जा रहे वैकल्पिक बेली ब्रिज पर महज 24 घंटे के भीतर 170 फीट लंबी स्टील डेकिंग यानी लोहे का चदरा बिछा दिया गया है। इसके साथ ही पहले चरण का निर्माण कार्य अंतिम दौर में पहुंच गया है।

यह भी पढ़ें: पटना के होटल में शर्मनाक हरकत: पिता के सामने छात्रा को खींच ले जाने की कोशिश, आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार

बीआरओ की तकनीकी टीम बुधवार शाम से लगातार दिन-रात काम में जुटी रही। गुरुवार शाम तक बेली ब्रिज की संरचना लगभग तैयार कर ली गई। भारी मशीनों की मदद से डेकिंग, पैनल फिटिंग और ब्रिज को मजबूती देने का काम तेजी से पूरा किया गया। अब एप्रोच पथ को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

BRO की ‘मिशन मोड’ में कार्रवाई

विक्रमशिला सेतु का 34 मीटर लंबा स्लैब बीते 3 मई को अचानक ध्वस्त होकर गंगा नदी में समा गया था। इसके बाद भागलपुर और नवगछिया के बीच संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया था। व्यापार, यातायात और आवश्यक सेवाओं पर इसका सीधा असर पड़ा।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिहार सरकार ने रक्षा मंत्रालय से मदद मांगी, जिसके बाद BRO को वैकल्पिक व्यवस्था तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई। BRO की ‘प्रोजेक्ट स्वस्तिक’ टीम ने बेहद कम समय में 170 फीट लंबा बेली ब्रिज तैयार कर नया रिकॉर्ड बना दिया।

5 जून तक हल्के वाहनों के चलने की उम्मीद

पथ निर्माण मंत्री इं. शैलेंद्र ने निरीक्षण के दौरान कहा कि विक्रमशिला सेतु को हल्के वाहनों के लिए 5 जून तक खोलने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह देश का पहला “हैंगिंग/बेली ब्रिज” मॉडल होगा, जिसे बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में तैयार किया जा रहा है।मंत्री ने बताया कि जिला प्रशासन, तकनीकी विशेषज्ञ और BRO की टीम लगातार समन्वय के साथ काम कर रही है। पूरे प्रोजेक्ट की मल्टी-लेयर मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि किसी प्रकार की तकनीकी कमी न रह जाए।

रविवार से दूसरे चरण का काम शुरू

अधिकारियों के अनुसार, पहले बेली ब्रिज के पूरा होते ही दूसरे चरण का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। रविवार से नवगछिया छोर पर 12 मीटर लंबे दूसरे बेली ब्रिज का निर्माण शुरू होगा, जिसे पूरा होने में लगभग पांच से छह दिन लग सकते हैं।इसके बाद तीसरे चरण में भागलपुर छोर पर 24 मीटर लंबे एक और बेली ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। तीनों संरचनाओं के जुड़ने के बाद वैकल्पिक मार्ग पूरी तरह तैयार हो जाएगा और यातायात बहाल किया जा सकेगा।

बिहार की लाइफलाइन है विक्रमशिला सेतु

गंगा नदी पर बना विक्रमशिला सेतु उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाली अहम कड़ी माना जाता है। हर दिन हजारों वाहन इस पुल से गुजरते हैं। पुल के क्षतिग्रस्त होने से आम लोगों, व्यापारियों और ट्रांसपोर्ट सेक्टर को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।अब BRO की तेज कार्रवाई से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है। यदि तय समय पर काम पूरा हो गया तो जून के पहले सप्ताह में हल्के वाहनों की आवाजाही फिर से शुरू हो सकती है।