जमशेदपुर पुलिस में बड़ा फेरबदल, 17 थानेदारों का ट्रांसफर; साकची-सीतारामडेरा समेत कई थानों में नए प्रभारी
जमशेदपुर में SSP पीयूष पांडेय ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 थाना प्रभारियों का तबादला कर दिया। साकची, सीतारामडेरा, सिदगोड़ा, टेल्को समेत कई प्रमुख थानों में नए प्रभारी नियुक्त किए गए, जबकि दो थाना प्रभारी लाइन हाजिर किए गए।
जमशेदपुर (Threesocieties.com Desk)। झारखंड के जमशेदपुर में पुलिस महकमे में देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) पीयूष पांडेय ने एक साथ 17 थाना प्रभारियों का तबादला कर दिया है। इस फेरबदल में साकची, सीतारामडेरा, बर्मामाइंस, सिदगोड़ा, टेल्को और बागबेड़ा जैसे प्रमुख थानों के प्रभारी बदल दिए गए हैं। जारी आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें:हजारीबाग में कोयला व्यवसायी रोहित साव की हत्या, भागते अपराधियों की स्कॉर्पियो से कुचलकर एक और की मौत

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह बदलाव जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है। इस बड़े फेरबदल के बाद कई अहम थानों में नए चेहरे देखने को मिलेंगे।
साकची और सीतारामडेरा में नए थाना प्रभारी
जारी सूची के अनुसार साकची थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा को सीतारामडेरा थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं सीतारामडेरा थाना प्रभारी निरंजन कुमार को हटाकर बर्मामाइंस थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। उधर बागबेड़ा थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव को साकची थाना का नया प्रभारी बनाया गया है, जिससे शहर के सबसे व्यस्त थानों में से एक साकची में नई कमान मिल गई है। वहीं मुसाबनी के सर्किल इंस्पेक्टर उमेश कुमार ठाकुर को बागबेड़ा थाना प्रभारी बनाया गया है।
सिदगोड़ा और टेल्को थाना में भी बदलाव
सिदगोड़ा थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार को हटाकर जमशेदपुर कोर्ट का सुरक्षा प्रभारी बनाया गया है। वहीं साकची सीसीआर में तैनात फैज़ अहमद को सिदगोड़ा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। टेल्को थाना प्रभारी प्रशांत कुमार को साकची सीसीआर भेज दिया गया है, जबकि जादूगोड़ा के सर्किल इंस्पेक्टर सुरेश प्रसाद को टेल्को थाना का नया प्रभारी बनाया गया है।
कई अधिकारियों को मिली सर्किल इंस्पेक्टर की जिम्मेदारी
इस फेरबदल में कई थाना प्रभारियों को सर्किल इंस्पेक्टर के पद पर नई जिम्मेदारी दी गई है।
बर्मामाइंस थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव को जादूगोड़ा का सर्किल इंस्पेक्टर बनाया गया है।
घाटशिला थाना प्रभारी वंश नारायण सिंह को मुसाबनी का सर्किल इंस्पेक्टर बनाया गया है।
मुसाबनी के सर्किल इंस्पेक्टर उमेश कुमार ठाकुर को बागबेड़ा थाना प्रभारी बनाया गया है।
अजय कुमार ठाकुर को पटमदा का सर्किल इंस्पेक्टर नियुक्त किया गया है।
घाटशिला, बोड़ाम और जादूगोड़ा में नए प्रभारी
जमशेदपुर कोर्ट के सुरक्षा प्रभारी राजेंद्र मुंडा को घाटशिला थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं नीरज कुमार को बोड़ाम थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा ईश्वर दयाल मुंडा को जादूगोड़ा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दो थाना प्रभारी लाइन हाजिर
इस प्रशासनिक फेरबदल के दौरान दो थाना प्रभारियों को लाइन हाजिर भी किया गया है।
बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार
जादूगोड़ा थाना प्रभारी राजेश कुमार मंडल
कानून-व्यवस्था मजबूत करने की कवायद
SSP पीयूष पांडेय ने कहा कि जिले में बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए यह बदलाव किया गया है। नए थाना प्रभारियों को जल्द से जल्द अपने-अपने थानों में कार्यभार संभालने का निर्देश दिया गया है। पुलिस महकमे में हुए इस बड़े फेरबदल को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि शहर के कई संवेदनशील और व्यस्त थानों में नई तैनाती की गई है।






