हजारीबाग में कोयला व्यवसायी रोहित साव की हत्या, भागते अपराधियों की स्कॉर्पियो से कुचलकर एक और की मौत

झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव में डबल मर्डर से सनसनी। कोयला व्यवसायी रोहित साव की धारदार हथियार से हत्या के बाद भागते अपराधियों की स्कॉर्पियो से प्रदीप साव की भी मौत हो गई। पुलिस आपसी रंजिश और कारोबारी विवाद के एंगल से जांच में जुटी है।

हजारीबाग में कोयला व्यवसायी रोहित साव की हत्या, भागते अपराधियों की स्कॉर्पियो से कुचलकर एक और की मौत
कोल बिजनसमैन रोहित साव। (फाइलफोटो )

हजारीबाग (Threesocieties.com Desk))झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में गुरुवार रात हुई दोहरी मौत की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। नपोखुर्द गांव में अज्ञात अपराधियों ने कोयला व्यवसायी रोहित साव की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। वहीं घटना को अंजाम देकर भाग रहे अपराधियों की स्कॉर्पियो की चपेट में आने से प्रदीप साव नामक युवक की भी मौत हो गई।

यह भी पढ़ें: धनबाद पुलिस में बड़ा ‘ऑपरेशन ट्रांसफर’! 10–12 थानेदारों पर गिर सकती है गाज, एक्टिव अफसरों को मिलेगी कमान

इस दोहरी मौत के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और हत्या के पीछे आपसी रंजिश या कारोबारी विवाद की आशंका जताई जा रही है।

देर रात स्कॉर्पियो से पहुंचे अपराधियों ने किया हमला

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार देर रात कुछ अपराधी स्कॉर्पियो वाहन से नपोखुर्द गांव पहुंचे। बताया जाता है कि अपराधियों ने अचानक कोयला व्यवसायी रोहित साव पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमला इतना घातक था कि रोहित साव गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े और थोड़ी ही देर में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद अपराधी तेजी से स्कॉर्पियो में सवार होकर वहां से फरार हो गए।

भागते वक्त स्कॉर्पियो ने कई लोगों को मारी टक्कर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना को अंजाम देने के बाद जब अपराधी भाग रहे थे, तब उनकी स्कॉर्पियो ने सड़क पर मौजूद कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान नपोखुर्द गांव के निवासी प्रदीप साव गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। इस तरह एक ही घटना में दो लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

गांव में तनाव, पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक जांच में पुलिस हत्या के पीछे आपसी रंजिश, क्षेत्रीय वर्चस्व या कोयला कारोबार से जुड़े विवाद की आशंका जता रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है और संभावित संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है।

इलाके में दहशत और आक्रोश

घटना के बाद नपोखुर्द गांव सहित आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में कोयला कारोबार से जुड़े विवाद अक्सर सामने आते रहते हैं और इस घटना ने लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।