धनबाद पुलिस में बड़ा ‘ऑपरेशन ट्रांसफर’! 10–12 थानेदारों पर गिर सकती है गाज, एक्टिव अफसरों को मिलेगी कमान
धनबाद जिला पुलिस में बड़े पैमाने पर फेरबदल की तैयारी। 10–12 थाना प्रभारियों के ट्रांसफर की संभावना, खराब परफॉर्मेंस वाले अफसरों पर गिर सकती है गाज और एक्टिव अधिकारियों को मिल सकती है अहम जिम्मेदारी।
- परफॉर्मेंस रिव्यू के बाद थानों में बड़े फेरबदल की तैयारी
- क्राइम कंट्रोल में ढिलाई बरतने वालों पर सख्ती तय
धनबाद। (Threesocieties.com Desk)। कोयलांचल धनबाद में पुलिस महकमे के अंदर जल्द ही बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिल सकता है। जिला पुलिस में 10 से 12 थाना प्रभारियों के ट्रांसफर की चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार परफॉर्मेंस की गहन समीक्षा के बाद कई थानों की कमान बदली जा सकती है। खराब प्रदर्शन करने वाले थानेदारों को हटाकर सक्रिय और परिणाम देने वाले अधिकारियों को अहम जिम्मेदारी दी जाने की तैयारी है।
यह भी पढ़ें:नौ राज्यों में बदले राज्यपाल-उपराज्यपाल, सैयद अता हसनैन बने बिहार के गवर्नर, आर.एन. रवि बंगाल भेजे गये
पुलिस सूत्रों का कहना है कि हाल के दिनों में क्राइम कंट्रोल, केस डिस्पोजल और वारंट-कुर्की निष्पादन की समीक्षा की गई है। जिन थाना प्रभारियों के कामकाज में ढिलाई पाई गई है, उन पर कार्रवाई की संभावना है। ऐसे अफसरों को लाइन हाजिर किया जा सकता है या कम महत्वपूर्ण जगहों पर भेजा जा सकता है।
कई थाना क्षेत्रों में बदल सकती है कमान
जानकारी के मुताबिक जिले के करीब आधा दर्जन थाना और ओपी प्रभारियों का कार्यकाल दो साल से अधिक हो चुका है। ऐसे में प्रशासनिक दृष्टिकोण से भी फेरबदल जरूरी माना जा रहा है। धनबाद, निरसा, बाघमारा और सिंदरी अनुमंडल के कई थानों में नए अफसरों की तैनाती की संभावना जताई जा रही है।
खास तौर पर शहरी और संवेदनशील थाना क्षेत्रों में ऐसे अफसरों को जिम्मेदारी देने की तैयारी है जो अपराध नियंत्रण में तेज और प्रभावी माने जाते हैं। कई अपग्रेड पुलिस स्टेशनों के लिए बेहतर ट्रैक रिकॉर्ड वाले इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर के नामों पर भी चर्चा चल रही है।
एक्टिव अफसरों को मिल सकती है अहम जिम्मेदारी
पुलिस मुख्यालय की ओर से भी जिलों में बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है। इसी के तहत धनबाद में सक्रिय और फील्ड में मजबूत पकड़ रखने वाले अधिकारियों को महत्वपूर्ण थानों की जिम्मेदारी देने की रणनीति बनाई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक इस फेरबदल से कई ऐसे अधिकारियों को मौका मिल सकता है जो लंबे समय से महत्वपूर्ण पोस्टिंग का इंतजार कर रहे हैं।
एसपी की कार्यशैली से अचानक आदेश की संभावना
जिले के पुलिस कप्तान प्रभात कुमार की कार्यशैली को देखते हुए ट्रांसफर-पोस्टिंग का आदेश किसी भी समय जारी हो सकता है। इससे पहले भी कई बार उन्होंने अचानक आदेश जारी कर पूरे महकमे को चौंकाया है। पुलिस विभाग के अंदर चर्चा है कि आने वाले आदेश से कई थाना प्रभारियों की किस्मत तय हो जाएगी—कौन अपने पद पर बरकरार रहेगा और किसे नई जगह भेजा जाएगा।






