होली के जश्न में खून-खराबा: गिरिडीह में डीजे विवाद पर युवक की चाकू से हत्या, गुस्साए लोगों ने किया सड़क जाम

गिरिडीह के हुट्टी बाजार में होली के जश्न के दौरान डीजे बजाने और बच्चों के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपी रवि दास ने चाकू से हमला कर अजय दास की हत्या कर दी, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

होली के जश्न में खून-खराबा: गिरिडीह में डीजे विवाद पर युवक की चाकू से हत्या, गुस्साए लोगों ने किया सड़क जाम
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की पहल पर जाम समाप्त।

गिरिडीह ((Threesocieties.com Desk)।  होली के जश्न के बीच गिरिडीह में एक मामूली विवाद ने अचानक खूनी रूप ले लिया। नगर थाना क्षेत्र के हुट्टी बाजार स्थित रविदास मोहल्ला में गुरुवार रात डीजे बजाने और बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद के बाद एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।

यह भी पढ़ें:जमशेदपुर पुलिस में बड़ा फेरबदल, 17 थानेदारों का ट्रांसफर; साकची-सीतारामडेरा समेत कई थानों में नए प्रभारी

मृतक की पहचान 30 वर्षीय अजय कुमार दास के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और आक्रोशित लोगों ने शुक्रवार सुबह सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

डीजे बजाने को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार गुरुवार रात मोहल्ले में होली के जश्न के दौरान डीजे बजाया जा रहा था। इसी दौरान बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद बड़ों के बीच भी बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान मोहल्ले के ही रवि दास चाकू और भुजाली लेकर मौके पर पहुंचा और अजय कुमार दास पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई।

बीच-बचाव करने आए लोगों पर भी हमला

घटना के दौरान जब कुछ स्थानीय लोग बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपी ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में तीन अन्य लोग भी घायल हो गये। स्थानीय लोगों की मदद से घायल अजय दास को आनन-फानन में सदर अस्पताल गिरिडीह ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सड़क जाम कर लोगों ने जताया आक्रोश

घटना से गुस्साये मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने शुक्रवार सुबह हुट्टी बाजार हटिया गेट के सामने सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। सड़क जाम के कारण कुछ देर तक इलाके में यातायात भी प्रभावित रहा।

मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू पहुंचे मौके पर

घटना की जानकारी मिलने के बाद राज्य के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और स्थानीय लोगों से बातचीत कर सड़क जाम समाप्त कराया। मंत्री ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार पीड़ित परिवार को हर संभव मदद देगी और इस मामले में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

पुलिस ने शुरू की छापेमारी

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।