घनुडीह में जमीन कब्जा और फायरिंग पर भड़के सांसद ढुल्लू महतो, बोले- गिरफ्तारी नहीं हुई तो होगा चक्का जाम
झरिया के घनुआडीह में सिंह नेचुरल आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा कथित जमीन कब्जा और गोलीबारी की घटना पर सांसद ढुल्लू महतो ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन पर सवाल उठाए। दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर डीसी कार्यालय का चक्का जाम करने की चेतावनी दी। साथ ही पांडे बेड़ा हत्या कांड और कोयला चोरी के मामलों में भी हस्तक्षेप किया।
HighLights
- सांसद ढुल्लू महतो ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल, जिला प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप
- दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर डीसी कार्यालय का चक्का जाम करने की चेतावनी
- पांडे बेड़ा हत्या मामले में एसपी से बात कर परिजनों को दिलाया निष्पक्ष जांच का भरोसा
- कुम्हार पट्टी में कोयला चोरी के मामले पर बीसीसीएल अधिकारियों को लगाई फटकार
धनबाद (Threesocieties.com Desk): झरिया विधानसभा क्षेत्र के घनुडीह चीनकोठी बस्ती के समीप सिंह बीसीसीएल में काम कर रही नेचुरल आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा कथित जमीन कब्जा और दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना अब राजनीतिक रंग पकड़ती जा रही है। बुधवार को धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो घटनास्थल पहुंचे और प्रभावित ग्रामीणों तथा पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। घटना को लेकर उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कानून-व्यवस्था की स्थिति को चिंताजनक बताया।
यह भी पढ़ें: धनबाद में सरकार और प्रशासन के संरक्षण में हो रहा है कोलयला चोरी व अवैध खनन: शत्रुघ्न महतो
सांसद ढुल्लू महतो ने आरोप लगाया कि कोयलांचल क्षेत्र में आउटसोर्सिंग कंपनियों के संरक्षण में गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों की जमीनों पर जबरन कब्जा किया जा रहा है। इतना ही नहीं, विरोध करने वाले ग्रामीणों को डराने और चुप कराने के लिए गोलीबारी जैसी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की निष्क्रियता के कारण अपराधियों और भू-माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और ग्रामीणों को न्याय नहीं मिला तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। जरूरत पड़ने पर डीसी कार्यालय का चक्का जाम किया जाएगा और जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: घनुडीह में सिंह नेचुरल आउटसोर्सिंग पर दबंगई और फायरिंग का आरोप, मेयर ने ओबी डंपिंग पर लगायी रोक
प्रशासन की भूमिका पर उठाए सवाल
सांसद ने कहा कि जिला प्रशासन पूरे मामले में मूकदर्शक बना हुआ है। आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान हालात में लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कानून का राज स्थापित करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन जमीनी स्तर पर इसकी तस्वीर अलग दिखाई दे रही है।
पांडे बेड़ा हत्या मामले में भी किया हस्तक्षेप
घनूडीह ओपी क्षेत्र के पांडे बेड़ा में 11 नवंबर 2025 को हुई हत्या के मामले में भी सांसद ने हस्तक्षेप किया। हत्या के अनुसंधान में कथित लापरवाही से नाराज मृतक के परिजन न्याय की मांग को लेकर झरिया-बलियापुर मुख्य मार्ग पर धरने पर बैठ गए थे।मामले की जानकारी मिलने के बाद सांसद ढुल्लू महतो ने धनबाद के पुलिस अधीक्षक (एसपी) से दूरभाष पर बातचीत की और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की। एसपी द्वारा उचित कार्रवाई और जांच का आश्वासन मिलने के बाद परिजनों ने सड़क जाम समाप्त किया और यातायात सामान्य हो सका।
कोयला चोरी के खिलाफ भी खोला मोर्चा
घनुआडीह दौरे के बाद सांसद कुम्हार पट्टी पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने रात के समय बड़े पैमाने पर कोयला चोरी होने की शिकायत की। ग्रामीणों का आरोप था कि दर्जनों वाहनों के जरिए प्रतिदिन कोयला की अवैध ढुलाई की जाती है और विरोध करने वालों को प्रताड़ित किया जाता है।
सांसद ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बीसीसीएल के अध्यक्ष से फोन पर बातचीत की। उन्होंने कोयला चोरी के लिए उपयोग किए जा रहे रास्तों को बंद कराने की मांग की और संबंधित वीडियो क्लिप भी भेजी। क्षेत्र संख्या-10 के महाप्रबंधक को फोन पर फटकार लगाते हुए तत्काल कार्रवाई करने तथा अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने का निर्देश दिया।
बड़ी संख्या में समर्थक और ग्रामीण रहे मौजूद
घटना स्थल पर सांसद के साथ पूर्व पार्षद अनूप साव, सांसद प्रतिनिधि संजू वर्मा, मंडल अध्यक्ष अवधेश साव, श्रीराम गोराई, राज चौहान, सत्येंद्र गुप्ता, अमित साव, सूरज भूइयां, विनोद पासवान, अनुज गोराई, भोला सेन मोदक, लीला बाउरी, मिथुन राम, प्रेम राम, रवि वर्मा, मंटु राम, शत्रुघ्न मालाकार, अभिषेक पांडे समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और समर्थक उपस्थित थे।
ग्रामीणों ने सांसद के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए जमीन कब्जा, सुरक्षा और कोयला चोरी से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की। सांसद ने उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया और कहा कि जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।






