धनबाद से मुंबई सफर सस्ता और आसान: एलटीटी एक्सप्रेस हुई रेगुलर, किराया घटा, MP ढुलू महतो दिखायेंगे हरी झंडी

धनबाद से मुंबई जाने वालों के लिए बड़ी राहत—लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस अब नियमित चलेगी, किराए में ₹175-₹420 तक की कटौती, नया टाइम टेबल और रूट जारी।

धनबाद से मुंबई सफर सस्ता और आसान: एलटीटी एक्सप्रेस हुई रेगुलर, किराया घटा, MP ढुलू महतो दिखायेंगे हरी झंडी
धनबाद, बोकारो, गढ़वा रोड को मुंबई से सीधी कनेक्टिविटी।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद से मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। धनबाद से लोकमान्य तिलक टर्मिनल (एलटीटी) के बीच चलने वाली साप्ताहिक ट्रेन अब नियमित सेवा के रूप में संचालित होगी। इसके साथ ही ट्रेन के किराए में भी भारी कमी की गई है, जिससे यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

यह भी पढ़ें: रामगढ़ में पुलिस का बड़ा एक्शन: राहुल दुबे गैंग के 7 अपराधी दबोचे, पतरातू में फायरिंग की साजिश नाकाम

धनबाद से लोकमान्य तिलक टर्मिनल (एलटीटी) के बीच चलने वाली नियमित ट्रेन का शुभारंभ सोमवार को धनबाद स्टेशन से सांसद ढुलू महतो द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया जाएगा।

किराया घटा, यात्रियों को राहत

स्पेशल ट्रेन का दर्जा हटते ही किराए में 175 रुपये से लेकर 420 रुपये तक की कमी आई है।

नया किराया (रुपयों में):

स्लीपर: 955 ➝ 780
थर्ड एसी: 2365 ➝ 1995
इकोनॉमी: 2255 ➝ 1890
सेकंड एसी: 3285 ➝ 2865

किराया घटने के बाद बुकिंग में तेजी आई है। कई तारीखों में स्लीपर और एसी कोच में वेटिंग और आरएसी की स्थिति बन गई है।

अब नियमित चलेगी ट्रेन

रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद अब यह ट्रेन नियमित रूप से चलेगी:

धनबाद से प्रस्थान: हर सोमवार रात 11:00 बजे
मुंबई (एलटीटी) पहुंचने का समय: बुधवार दोपहर 1:40 बजे
वापसी: बुधवार शाम 4:55 बजे एलटीटी से, शुक्रवार सुबह 8:00 बजे धनबाद

पहले की तुलना में अब ट्रेन 35 मिनट पहले मुंबई पहुंचेगी।

इन प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव

इस ट्रेन का ठहराव झारखंड, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई अहम स्टेशनों पर होगा, जिनमें शामिल हैं: कतरास, चंद्रपुरा, बोकारो थर्मल, पतरातु, डालटनगंज, गढ़वा रोड, सिंगरौली, कटनी, जबलपुर, इटारसी, भुसावल, नासिक रोड और कल्याण।

22 कोच के साथ चलेगी ट्रेन

नई नियमित ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे:

जनरल: 4
स्लीपर: 6
थर्ड एसी: 2
थर्ड एसी इकोनॉमी: 6
सेकंड एसी: 2
बुकिंग में उछाल, सीटें फुल

किराया कम होने के साथ ही यात्रियों की संख्या में तेजी आई है।

स्लीपर में लंबी वेटिंग लिस्ट
थर्ड एसी में आरएसी
कई तारीखों में सीटें फुल
झारखंड को मिली बड़ी कनेक्टिविटी

इस ट्रेन के नियमित होने से धनबाद, बोकारो और गढ़वा रोड के यात्रियों को मुंबई के लिए सीधी और सस्ती रेल सेवा मिल गई है।

सांसद ढुलू महतो की पहल से तीन महीने में चौथी नई ट्रेन

धनबाद वासियों के लिए यह साल खास बनता जा रहा है। सांसद ढुलू महतो की पहल से कोयलांचल के लोगों को तीन महीने में चौथी ट्रेन मिली है।

18 जनवरी: हावड़ा-आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस
24 फरवरी: भोपाल-धनबाद ट्रेन
11 मार्च: पोत्तनूर-धनबाद अमृत भारत
अब अप्रैल: धनबाद-मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस
सांसद ढुलू महतो ने क्या कहा

सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद को नई ट्रेनों से जोड़ने की दिशा में लगातार प्रयास जारी है। जल्द ही दिल्ली और बेंगलुरु के लिए भी सीधी ट्रेन शुरू कराने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि वह धनबाद के विकास को लिए लगातार सक्रिय हैं। अपने पौने दो वर्ष के कार्यकाल में उन्हों‍ने जनहित में दर्जनों कार्य किये हैं। सभी कार्य जनता के सामने हैं। आनेवाले समय में धनबाद को सड़क जामसे मुक्ति मिल जायेगी। वे धनबाद में बड़े हॉस्पिटल व एयरपोर्ट निर्माण को ले प्रयत्नशील है।