झारखंड: पलामू में लूट का विरोध करने पर अधेड़ को मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस
झारखंड के पलामू जिले के जोबला गांव में लूट का विरोध करने पर बैजनाथ सिंह को नकाबपोश अपराधियों ने गोली मार दी। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी।
- पांकी थाना क्षेत्र के जोबला गांव में वारदात
- गंभीर हालत में मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज में भर्ती
पलामू (Threesocieties.com Desk): झारखंड के पलामू जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला पांकी थाना क्षेत्र के जोबला गांव का है, जहां लूटपाट का विरोध करना एक अधेड़ व्यक्ति को भारी पड़ गया। अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल की पहचान जोबला गांव निवासी बैजनाथ सिंह (50) के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें: ‘धनबाद में मौत का धमाका: गैस कटर सिलेंडर ब्लास्ट से मची चीख-पुकार, दम घुटने से 3 की मौत, 2 जिंदगी से जूझ रहे’
घर के बाहर बैठे थे, तभी पहुंच गए बदमाश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात बैजनाथ सिंह अपनी पत्नी के साथ घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान चार नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे और लूटपाट की कोशिश करने लगे। जब बैजनाथ सिंह ने इसका विरोध किया, तो अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। गोली उनकी जांघ में लगी, जिससे वे मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए।
पहले CHC, फिर मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
घटना के बाद परिजनों ने उन्हें तुरंत पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी, छापेमारी तेज
घटना की सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इलाके में दहशत का माहौल
इस घटना के बाद जोबला गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।






