‘धनबाद में मौत का धमाका: गैस कटर सिलेंडर ब्लास्ट से मची चीख-पुकार, दम घुटने से 3 की मौत, 2 जिंदगी से जूझ रहे’

धनबाद के मुनीडीह में गैस कटर सिलेंडर ब्लास्ट से बड़ा हादसा, दम घुटने से तीन लोगों की मौत जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल। SNMMCH में इलाज जारी, पुलिस जांच में जुटी।

‘धनबाद में मौत का धमाका: गैस कटर सिलेंडर ब्लास्ट से मची चीख-पुकार, दम घुटने से 3 की मौत, 2 जिंदगी से जूझ रहे’
एसएनएमएमसीएच में पीड़ित परिजन।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): झारखंड के धनबाद से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां मुनीडीह इलाके में शनिवार देर रात गैस कटर सिलेंडर फटने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में दम घुटने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।

यह भी पढ़ें: कोल इंडिया की FY25 रेटिंग जारी: CMPDIIL टॉप पर ‘उत्कृष्ट’, BCCL ‘बहुत अच्छी’, ECL पिछड़ी

 कैसे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, मुनीडीह इलाके में सीपीपी प्लांट में  में देर रात करीब 8 से 10 लोग लोहा कटिंग करने के लिए जुटे थे। कटिंग के दौरान इसी दौरान अचानक गैस कटर सिलेंडर में जोरदार ब्लास्ट हो गया। विस्फोट इतना खतरनाक था कि गैस तेजी से फैल गई और मौके पर मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए। गैस के रिसाव से वहां दम घुटने जैसे हालात बन गए, जिससे पांच लोग गंभीर रूप से प्रभावित हो गये।

अस्पताल में मौत से मचा मातम

घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान संजय यादव, आनंद कुमार और मो. अजहरुद्दीन की मौत हो गई। वहीं, मो. इमामुद्दीन का अस्पताल में इलाज जारी है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

परिजनों की जुबानी दर्द

मृतक संजय यादव के परिजनों ने बताया कि वह घर से दोस्त के साथ काम पर जाने की बात कहकर निकले थे। देर रात करीब एक बजे वह अचानक घर लौटे, लेकिन उनकी हालत बेहद खराब थी। उन्हें तेज सांस फूलने, खांसी और बेचैनी हो रही थी। परिजनों के अनुसार, वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे और सिर्फ इतना बता सके कि "गैस सिलेंडर फट गया"। कुछ ही देर में उनकी हालत और बिगड़ गई—मुंह से झाग निकलने लगा, जिसके बाद परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

बीसीसीएल इलाके में रात को चोरी से लोहा कटिंग 

लोकल लोगों का आरोप है कि कथित तौर पर अवैध रूप से लोहा कटिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक सिलेंडर ब्लास्ट हो गया, जिसकी चपेट में आकर आनंद कुमार, संजय यादव और मोहम्मद अजहरुद्दीन की मौत हो गई। जबकि दो युवक घायल हो गये। मृतक आनंद कुमार की मां कंचन देवी ने बताया कि मुख्तार अंसारी नामक व्यक्ति उनके बेटे को घर से बुलाकर ले गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि वह भोले-भाले युवकों को पैसों का लालच देकर रात में बीसीसीएल क्षेत्र में लोहा कटिंग का काम करवाता है, जिसके चलते यह हादसा हुआ है।

इलाज के दौरान संजय यादव की मौत

वहीं संजय यादव की मां मंजू देवी ने बताया कि उनका बेटा रात करीब 11 बजे घर से निकला था। जल्द लौटने की बात कही थी। देर रात वह गंभीर हालत में घर पहुंचा और बताया कि गैस से जल गया है। अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी हालत बिगड़ती गई और इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। मो इमामुद्दीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे रिम्स रेफर किया गया है। वहीं एक अन्य घायल इलाज के दौरान अस्पताल से फरार हो गया है.

पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन ने कहा कि लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। घटना के संबंध में सीआईएसएफ की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जायेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सिलेंडर ब्लास्ट किन परिस्थितियों में हुआ और क्या इसमें किसी तरह की लापरवाही हुई थी। उपकरणों का इस्तेमाल क्यों किया जा रहा है?