धनबाद में खराब रिजल्ट पर डीसी सख्त! 12 स्कूलों के प्रिंसिपलों को लगाई फटकार, शिक्षकों पर कार्रवाई की चेतावनी

धनबाद में माध्यमिक परीक्षा के खराब रिजल्ट पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने 12 स्कूलों के प्रिंसिपलों और शिक्षकों को कड़ी फटकार लगाई। फेल छात्रों को कंपार्टमेंटल परीक्षा के लिए तैयार कराने और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

धनबाद में खराब रिजल्ट पर डीसी सख्त! 12 स्कूलों के प्रिंसिपलों को लगाई फटकार, शिक्षकों पर कार्रवाई की चेतावनी
फेल छात्रों को लेकर डीसी ने दिए बड़े निर्देश।
  • “बच्चों का भविष्य बर्बाद बर्दाश्त नहीं” — धनबाद डीसी ने स्कूल प्रबंधन को चेताया
  • माध्यमिक परीक्षा में खराब प्रदर्शन पर धनबाद प्रशासन का बड़ा एक्शन
  • 10% से ज्यादा छात्र फेल, प्रिंसिपलों की लगी क्लास

धनबाद (Threesocieties.com Desk): जिले में वार्षिक माध्यमिक परीक्षा के निराशाजनक परिणाम को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने मंगलवार को खराब परीक्षा परिणाम देने वाले 12 विद्यालयों के प्रिंसिपलों और शिक्षकों को जमकर फटकार लगाई।

यह भी पढ़ें: धनबाद में जनता दरबार: DC आदित्य रंजन ने सुनी जनता की फरियाद, जमीन से लेकर प्रदूषण तक उठे कई बड़े मुद्दे

विशेष रूप से मुख्यमंत्री उत्कृष्ट कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय निरसा समेत उन विद्यालयों पर प्रशासन ने गंभीर नाराजगी जताई, जहां शिक्षक उपलब्ध रहने के बावजूद 10 प्रतिशत या उससे अधिक छात्र अनुत्तीर्ण हो गए।

“बच्चों का भविष्य खराब करना बर्दाश्त नहीं”

उपायुक्त आदित्य रंजन ने समीक्षा बैठक के दौरान साफ शब्दों में कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य समाज के कमजोर और अशिक्षित बच्चों को बेहतर शिक्षा देकर मुख्यधारा में लाना है। ऐसे में शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही सीधे तौर पर बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार शिक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए संसाधन उपलब्ध करा रहा है, लेकिन इसके बावजूद इतने खराब परिणाम सामने आना शिक्षकों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

शिक्षकों से मांगा गया स्पष्टीकरण

खराब रिजल्ट आने के बाद जिला प्रशासन ने संबंधित विद्यालयों के प्रिंसिपलों एवं शिक्षकों से पहले ही स्पष्टीकरण मांगा था। मंगलवार को उपायुक्त ने सभी जवाबों की समीक्षा की और स्पष्ट कर दिया कि आगे ऐसी स्थिति स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कंपार्टमेंटल परीक्षा में भी छात्र असफल होते हैं तो संबंधित शिक्षक सीधे जिम्मेदार माने जाएंगे और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

फेल छात्रों के लिए विशेष तैयारी का निर्देश

बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि कमजोर एवं फेल छात्रों को चिन्हित कर उनकी विशेष कक्षाएं संचालित की जाएं ताकि वे कंपार्टमेंटल परीक्षा में सफल हो सकें।

उन्होंने शिक्षा विभाग को यह सुनिश्चित करने को कहा कि प्रत्येक छात्र की पढ़ाई की नियमित मॉनिटरिंग हो और शिक्षकों की जवाबदेही तय की जाए।

बैठक में ये विद्यालय रहे शामिल

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा समेत कई विद्यालयों के प्रिंसिपल और शिक्षक उपस्थित रहे। जिन विद्यालयों के प्रदर्शन पर सवाल उठे उनमें शामिल हैं:

मुख्यमंत्री उत्कृष्ट कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, निरसा
उत्क्रमित उच्च विद्यालय, मोराडीह निरसा
धनबाद प्राणजीवन अकादमी
उत्क्रमित उच्च विद्यालय, रघुनाथपुर पूर्वी टुंडी
बीएसएस बालिका उच्च विद्यालय, धनबाद
उत्क्रमित उच्च विद्यालय, हरिहरपुर तोपचांची
एसएसकेबीसी उच्च विद्यालय, निरसा
उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बेनागोड़िया निरसा
उच्च विद्यालय, भूली नगर
उत्क्रमित उच्च विद्यालय, फुलवार बाघमारा
उत्क्रमित उच्च विद्यालय, टुंडू बाघमारा
जेकेआरआर हिंदी प्लस टू उच्च विद्यालय, चिरकुंडा
शिक्षा व्यवस्था सुधारने पर प्रशासन का फोकस

धनबाद जिला प्रशासन अब शिक्षा व्यवस्था में सुधार और सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता बढ़ाने को लेकर गंभीर दिखाई दे रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग और शिक्षकों की जवाबदेही को लेकर और सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।