धनबाद में जनता दरबार: DC आदित्य रंजन ने सुनी जनता की फरियाद, जमीन से लेकर प्रदूषण तक उठे कई बड़े मुद्दे

धनबाद उपायुक्त आदित्य रंजन ने मंगलवार को जनता दरबार आयोजित कर जिलेभर से पहुंचे लोगों की शिकायतें सुनीं। जमीन अतिक्रमण, PF-ग्रैच्युटी भुगतान, मृत्यु प्रमाण पत्र, आंगनवाड़ी निर्माण और प्रदूषण जैसे मामलों पर कार्रवाई का भरोसा दिया।

धनबाद में जनता दरबार: DC आदित्य रंजन ने सुनी जनता की फरियाद, जमीन से लेकर प्रदूषण तक उठे कई बड़े मुद्दे
जनता दरबार में एक्शन मोड में दिखे DC आदित्य रंजन।
  • DC के जनता दरबार में उमड़ी भीड़
  • उपायुक्त के जनता दरबार में गूंजे जनसमस्याओं के मुद्दे
  • आम जनों की शिकायतें, समाधान का दिया भरोसा

धनबाद (Threesocieties.com Desk) : जिले की जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर मंगलवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों और क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों ने अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया तथा लोगों को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।

यह भी पढ़ें:चाईबासा: चक्रधरपुर के पोड़ाहाट जंगल में भीषण मुठभेड़! सुरक्षाबलों ने दो नक्सली को किया ढेर

जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने शौचालय निर्माण, प्रोविडेंट फंड एवं ग्रैच्युटी भुगतान, मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने, जमीन अतिक्रमण हटाने, तालाब सौंदर्यकरण, गलत तरीके से बन रहे आंगनवाड़ी केंद्र के निर्माण को रोकने और जमीन की प्रकृति एवं स्वरूप परिवर्तन जैसे मामलों को लेकर आवेदन सौंपे।

यह भी पढ़ें:धनबाद में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 43 लिपिकों का तबादला, 26 मई तक जॉइनिंग का आदेश

इसके अलावा एगारकुंड प्रखंड के काली माटी पंचायत से पहुंचे ग्रामीणों ने तंबाकू फैक्ट्री से फैल रहे प्रदूषण का मुद्दा भी उठाया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं और कचरे के कारण आसपास के लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार के दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि प्रशासन आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।

कार्यक्रम में सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा श्री नियाज अहमद भी उपस्थित रहे। जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे और प्रशासनिक पहल की सराहना की।