धनबाद: केबल चोरी का विरोध करना पड़ा भारी, अपराधियों ने BCCL कर्मी को मारी गोली; थाना से चंद कदम दूर वारदात

धनबाद के कतरास स्थित सोनारडीह क्षेत्र में केबल चोरी का विरोध करने पर BCCL के पंप ऑपरेटर उमेश रविदास को अपराधियों ने गोली मार दी। घटना थाना से कुछ ही दूरी पर हुई। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है और जांच जारी है।

धनबाद: केबल चोरी का विरोध करना पड़ा भारी, अपराधियों ने BCCL कर्मी को मारी गोली; थाना से चंद कदम दूर वारदात
सोनारडीह में रात के अंधेरे में फायरिंग।

     HighLights:

  • घटना सोनारडीह थाना से महज कुछ ही दूरी पर NH-32 किनारे स्थित जलापूर्ति पंप परिसर में हुई
  • गोली उमेश रविदास के दाहिने पैर में लगी, फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है
  • पुलिस ने घटनास्थल से खोखा बरामद किया और दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है
  • विधायक शत्रुघ्न महतो ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जल्द गिरफ्तारी की मांग की

कतरास/धनबाद(Threesocieties.com Desk): झारखंड के धनबाद जिले में अपराधियों के बढ़ते हौसले ने एक बार फिर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले के सोनारडीह ओपी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात केबल चोरी का विरोध करने पर भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के पंप ऑपरेटर उमेश रविदास को गोली मार दी गई। घटना सोनारडीह थाना से महज कुछ ही दूरी पर स्थित बोकारो-धनबाद NH-32 के किनारे बने जलापूर्ति पंप परिसर में हुई।

यह भी पढ़ें: बिहार: नीतीश कुमार से मिले आरसीपी सिंह, समर्थकों के दावों से बिहार की राजनीति में बढ़ी हलचल

जानकारी के अनुसार, उमेश रविदास शुक्रवार रात रात्रि पाली में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान रात करीब 1:00 से 1:30 बजे के बीच आधा दर्जन की संख्या में अपराधी पंप परिसर में लगे केबल को चोरी करने पहुंचे। जब पंप ऑपरेटर ने चोरी का विरोध किया तो अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी।

गोली उमेश रविदास के दाहिने पैर में लगी और आर-पार निकल गई। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े, जबकि अपराधी मौके से फरार हो गए। घायल कर्मचारी ने किसी तरह अपने साथियों को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें बीसीसीएल के केंद्रीय अस्पताल धनबाद रेफर कर दिया गया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक उमेश रविदास की स्थिति फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। घटना के बाद बीसीसीएल कर्मियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

घटनास्थल से पुलिस ने बरामद किया खोखा

घटना की सूचना मिलते ही सोनारडीह पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और एक खोखा बरामद किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से अपराधियों की पहचान करने में जुटी हुई है।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। घायल कर्मचारी का बयान दर्ज करने के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी।

तीसरी बार हुई केबल चोरी की घटना

स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का कहना है कि समरसेबल पंप परिसर में लगातार केबल चोरी की घटनाएं हो रही हैं। बताया जा रहा है कि यह तीसरी बार है जब अपराधियों ने यहां केबल चोरी का प्रयास किया है। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत नहीं किया गया, जिसका नतीजा अब गोलीबारी की घटना के रूप में सामने आया है।

मौके पर पहुंचे विधायक शत्रुघ्न महतो

घटना की जानकारी मिलने के बाद बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो शनिवार सुबह घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की।

विधायक ने कहा कि बाघमारा समेत पूरे झारखंड में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। जब थाना से कुछ ही दूरी पर इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।

BCCL प्रबंधन ने मांगी रिपोर्ट

घटना के बाद बीसीसीएल प्रबंधन भी सक्रिय हो गया है। कंपनी के सीएमडी एमके अग्रवाल ने पूरे मामले की जानकारी मांगी है। अधिकारियों ने बताया कि घायल कर्मचारी का इलाज बेहतर तरीके से कराया जा रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

कोयलांचल में बढ़ती केबल चोरी और उससे जुड़े अपराध अब बीसीसीएल कर्मियों की सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्ती और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।