- एक्स एडीजी ने कहा कि जनता के हित के लिए बेहतर विकल्प है चुनाव लड़ना
- BJP ज्वालइन करने की चर्चा
- राज्य में विकास कार्यों की प्रशंसा की
रांची:झारखंड पुलिस की एडीजी से वीआरएस देने वाले रेजी डुंगडुंग सिमडेगा से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे. उन्होंने यह नहीं खुलासा किया है कि वे किस पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ेंगे.उन्होंने कहा कि अगले 10 दिन के अंदर वे इस बात की औपचारिक घोषणा कर देंगें कि किस पार्टी से चुनाव लड़ेंगे. श्री डुंगडुंग गुरुवार को रांची प्रेस क्लब में प्रेस कांफ्रेस में बोल रहे थे.
उन्होंने कहा कि इससे पहले अपनी जन्मभूमि सिमडेगा जाकर वहां की जनता से बातचीत करेंगे. पहले सिमडेगा की जनता से मिलूंगा, उनकी भावनाओं से अवगत होऊंगा, उसके बाद पार्टी का निर्णय लिया जायेगा. रेजी डुंगडुंग ने कहा कि राज्य की जनता विशेषकर आदिवासी समाज के विकास के लिए चुनाव लड़ना बेहतर विकल्प दिखता है. वे सिमडेगा के 10 दिनों के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे वहां की जनता की समस्याओं से अवगत होंगे.यात्रा के दौरान वे देखेंगे कि राज्य की कौन सी पार्टी उनके विकास के लिए हमेशा तत्पर रही है. मीडिया के सवाल के जबाव में उन्होंने राज्य सरकार व विकास कार्यों की जमकर तारीफ की.
उन्होंने कहा कि एक समय था, जब सिमडेगा जाने के लिए सड़क की स्थिति काफी खराब थी. लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान राज्य मे काफी अधिक विकास हुआ है. जिसका एक छोटा सा उदाहरण सिमडेगा में बने रोड को उन्होंने बताया.एक्स एडीजी ने कहा कि ऐसा नहीं है कि वह समाज सेवा का कार्य विधानसभा चुनाव जीतने के बाद ही करेंगे. पुलिस अफसर रहते हुए भी उन्होंने काफी हद तक समाज सेवा का काम किया है.अपने कार्यकाल के दौरान सीआरपीएफ जवानों, जैप में रहते हुए महिला कांस्टेबल के हित में किये गये कार्यो को की डिटेल जानकारी साझा की. रेजी डुंगडुंग ने कहा कि पुलिस की नौकरी में रहते हुए उन्होंने कल्याण के बहुत से कार्य किए.जैप में रहते हुए जैप-10 की महिला बटालियन कि महिला सिपाहियों के बच्चों के लिए क्रैच सेंटर का अनुशंसा की थी. खुशी तब मिलती थी जब किसी निर्दोष को किसी केस में फंसने से बचाता था.
1987 बैच आईपीएस अफसर एडीजी रेजी डुंगडुंग ने तीन महीने पहले ही वीआरएस का आवेदन देकर 15 अक्टूबर से सेवामुक्त करने का उन्होंने आग्रह किया था. सरकार ने उनके आवेदन को स्वीकार कर लिया था. वीआरएस के बाद रेजी डुंगडुंग को पुलिस हेडक्वार्टर में विदाई दी गई. वह अभी संचार एवं तकनीकी सेवाओं के एडीजी थे. डीजीपी कमल नयन चौबे ने विदाई समारोह में एडीजी रेजी डुंगडुंग के कार्यों की सराहना की. कहा कि रेजी ने विभिन्न पदों पर रहते हुए बेहतर प्रदर्शन किया.
रेजी डुंगडुंग का करियर बिहार व झारखंड में

एएसपी पटना
एएसपी धनबाद
एसपी जमशेदपुर
एसपी सहरसा
कमांडेंट बीएमपी-4
एसपी साहिबगंज
कमांडेंट बीएमपी-3
एसआपी धनबाद
कमांडेंट बीएमपी-6
एसपी धनबाद
एसपी नालंदा
अलग झारखंड राज्य बनने के बाद झारखंड कैडर
एसपी गुमला
एसपी कोडरमा
कमांडेंट जैप वन
डीआइजी जैप
आइजी जैप
आइजी रांची
एडीजी विशेष शाखा
एडीजी सीआइडी
एडीजी जैप
एडीजी संचार एवं तकनीकी सेवाएं