मुंबई: रिलीज हुआ ऋतिक रोशन स्टार ‘सुपर 30’ का नया पोस्टर, 4 जून को आएगा ट्रेलर

मुंबई: बॉलीवुड के ग्रीक गॉड ऋतिक रोशन की अपकमिंग फिल्म 'सुपर 30' काफी लम्बे वक्त से अटकी पड़ी है, जो आखिरकार अब रिलीज होने के लिए पूरी तरह से तैयार है. फिल्म के निर्माताओं ने बीते साल 'सुपर 30' के दो पोस्टर रिलीज किये थे, जिसने लोगों के अंदर उत्साह पैदा कर दिया था लेकिन आगे बढ़ती रिलीज तारीख के कारण यह उत्साह ठंडा होता चला गया. हालांकि अब 'सुपर 30' का एक नया पोस्टर सामने आया है, जिसके साथ ही निर्माताओं ने यह ऐलान कर दिया है कि फिल्म का ट्रेलर आने वाली 4 जून को रिलीज होगा. नडियाडवाला प्रोडक्शन ने फिल्म 'सुपर 30' का नया पोस्टर रिलीज किया है, जिसमें ऋतिक रोशन मुस्कुराते हुए दिख रहे हैं और उनके साथ कुछ बच्चे भी हैं. फिल्म के पोस्टर को रिलीज करते हुए निर्माताओं ने लिखा है, ‘सफलता का फार्मूला क्रैक किया जा चुका है. सुपर 30 का ट्रेलर 4 जून हो आ रहा है.’ फिल्म 'सुपर 30' भारतीय गणितज्ञ आनंद कुमार की जिंदगी पर आधारित है, जिन्होंने गरीब बच्चों को आईआईटी जैसे संस्थानों तक पहुंचाने का जिम्मा उठाया है. आनंद कुमार गरीब बच्चों को फ्री में ऐसी शिक्षा देते हैं, जो आईआईटी की तैयारी कराने वाली कोचिंग्स लाखों रुपये में भी नहीं दे पाती हैं. ऋतिक रोशन इस फिल्म से दिखाने की कोशिश करेंगे कि आनंद कुमार को अपनी कोचिंग चलाने में किन तरह की परेशानिंयों का सामना करना पड़ा है और उनका अब तक का सफर कितना चुनौतीपूर्ण रहा है.