धनबाद से मतदाता जागरूकता एक्सप्रेस बनकर चली दीक्षाभूमि एक्सप्रेस, छह स्टेट के 41 रेलवे स्टेशनों पर देगी संदेश

धनबाद: धनबाद से चलकर कोल्हापुर जानेवाली दीक्षाभूमी एक्सप्रेस लोगों को वोटिंग के लिए जागरुक करेगी. यह ट्रेन सोमवार को धनबाद से मतदाता जागरूकता एक्सप्रेस बनकर खुली. धनबाद डीसी ए दोड्डे, एसीएम प्रवीण सिन्हा और डीसीएम इम्तियाज आलम ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया. धनबाद से कोल्हापुर स्टेशन के बीच इस ट्रेन का कुल 41 स्टेशनों पर स्टॉपेज है. इस ट्रेन को धनबाद से कोल्हापुर के बीच पारसनाथ, गया, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, वाराणसी, इलाहाबाद, सतना, कटनी, जबलपुर, इटारसी, नागपुर, आदिलाबाद, नांदेड़, औरंगाबाद, मनमाड, दौंड, पुणे और मिराज जंक्शन पर इसे हरी झंडी दिखायी जायेगी. धनबाद स्टेशन पर इस ट्रेन के पैसेंजर्स को वोटिंग करने से संबंधित पंपलेट और पोस्टर दिया गया. चुनाव आयोग से प्राप्त आदेश के आलोक में दीक्षाभूमि एक्सप्रेस के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. धनबाद स्टेशन पर इस दौरान शिक्षा दान की नई पाठशाला समाधान के सदस्यों ने किड्स गार्डन स्कूल झरिया के बच्चों के बैंड की धुन पर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया.लोगों से मतदान करने की अपील की.यात्रियों के बीच पंपलेट आदि का भी वितरण किया गया.