- एचईसी की 306 एकड़ भूमि पर रह रहे परिवारों को पुनर्वासित करने पर सहमति
- साहिबगंज से धामरा बंदरगाह तक 790 किमी रोड भारतमाला सड़क परियोजना में शामिल
- झारखंड को कैंपा फंड के 4046.19 करोड़ रुपये मिलेंगे
- दुमका में पीपीपी मॉडल पर कामर्शियल पायलट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट
- देवघर में संस्कृत विश्वविद्यालय खोलने के लिए केंद्र सरकार देगी आर्थिक अनुदान
- आदिवासी विश्वविद्यालय का कैंपस झारखंड में खुलेगा
- बड़ी नदियों के कैचमेंट एरिया को विकसित करने की योजना में स्वर्णरेखा और दामोदर नदी भी शामिल
रांची: सीएम रघुवर दास ने पिछले दिनों दिल्ली दौड़े में राज्य की विकास योजना व लंबित परियोजनाओं को लेकर पांच सेंट्रल मिनिस्टरों से अलग-अलग मुलाकात कर झारखंड के लिए कई सौगतें लायी है. सीएम विकास को लेकर काफी गंभीर दिख रहे हैं. सेंट्रल व स्टेट गर्वमेंट की योजनाओं की लगातार समीक्ष कर रहे हैं. सीएम ने दिल्ली दौरे पर एक-एक कर वे पांच सेंट्रल मिनिस्टरों से मिलकर झारखंड के विकास योजनाओं में आ रही की बाधाओं को दूर करने में सफलता हासिल की है. सीएम सड़क, उद्योग, पुनर्वास, नदी, विश्वविद्यालय से लेकर खनन-परिवहन क्षेत्र में झारखंड को कई योजाओं से लाभान्वित करने में लगे हैं. सीएम रघुवर दास ने दिल्ली में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू से मुलाकात की.
सीएम ने नई दिल्ली में एक ही दिन केंद्रीय वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन व सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, मानव संसाधन मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, नागरिक उड्डयन और आवास तथा नगरीय मामलों के मंत्री हरदीप पुरी, कोयला एवं खनन मंत्री प्रह्लाद जोशी और केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ अलग-अलग मुलाकात कर बैठक की. सीएम के साथ बैठक में केंद्रीय मंत्रियों ने झारखंड के संदर्भ में कई लंबित विषयों पर तत्काल निर्णय लिया.
सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के साथ सीएम रघुवर दास की बैठक में इस बाबत सहमति बनी कि साहिबगंज से धामरा बंदरगाह तक 790 किमी लंबी सड़क को भारतमाला सड़क परियोजना में शामिल करते हुए इसका निर्माण कराया जायेगा. साहिबगंज-धामरा प्रोजेक्ट दुमका-धनबाद, पुरुलिया-चांडिल-बहरागोड़ा-बालासोर व धामरा बंदरगाह को जोड़ेगा. बैठक में देवघर-बासुकीनाथ 43 किमी पथ के फोर लाइनिंग का कार्य एनएचएआइ के द्वारा शीघ्र प्रारंभ करने और धनबाद के गया पुल के चौड़ीकरण का कार्य स्वीकृत कर प्रारंभ किये जाने पर भी सहमति बनी.बैठक में पहले के प्राजेक्ट संबलपुर-सुंदरगढ़-राउरकेला-खूंटी व रांची 325 किमी पथ एवं रायपुर-बिलासपुर-गुमला-रांची-बोकारो व धनबाद 707 किमी पथ की स्वीकृति व कार्यान्वयन प्राथमिकता से कराने की सहमति बनी.
सीएम के साथ बैठक में गढ़वा-रेहला बाईपास का निर्माण कार्य जल्द करने और गुमला बाईपास तथा बंदगांव-चक्रधरपुर पथ के शेष भाग को पूर्ण करने की स्वीकृति भी लगभग बन गयी है.एचईसी की 306 एकड़ भूमि पर रह रहे परिवारों को पुनर्वासित करने पर सहमति बनी है. एचईसी की जमीन पर झुग्गी- झोपड़ी में रहने वाले परिवारों को 107 एकड़ भूमि पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर बनाकर पुनर्वासित किया जायेगा.
सीएम की केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर के साथ हुई बैठक में क्षतिपूर्ति वनीकरण कोष प्रबंध एवं योजना प्राधिकरण (कैंपा) की राशि जारी करने पर सहमति बन गयी है.श्री जावड़ेकर ने कैंपा फंड के झारखंड को मिलने वाली 4046.19 करोड़ रुपये निर्गत करने का निर्देश दिया है.झारखंड की स्वर्णरेखा और दामोदर नदी को भी बड़ी नदियों के कैचमेंट एरिया को विकसित करने की योजना में शामिल किया गया है.पर्यावरण वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने इसपर अपनी सहमति दे दी है. केंद्रीय मंत्री ने देश की नौ नदियों में दामोदर और स्वर्णरेखा को शामिल किए जाने की सहमति दे दी है. शीघ्र ही इससे जुड़ी प्रक्रिया को पूरा किया जायेगा.सीएम ने केंद्रीय वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री के साथ बैठक में फारेस्ट क्लीयरेंस से जुड़े विषयों को भी उठाया.
नागरिक उड्डयन और आवास तथा नगरीय मामलों के मंत्री हरदीप पुरी के साथ सीएम की बैठक में दुमका में पीपीपी मॉडल पर कामर्शियल पायलट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट खोलने पर सहमति बनी है. केंद्र सरकार ने इसके लिए एनओसी देने की सहमति दे दी है.हरदीप पुरी ने इस संबंध में अपने सचिव को 16 जुलाई को बैठक करने का निर्देश दिया है. सीएम की हरदीप पुरी के साथ शहरी विकास योजनाओं और नागरिक उड्डयन के अन्य विषयों पर भी चर्चा हुई.
सीएम ने केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक के साथ बैठक में राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के तहत पांच नए मॉडल डिग्री कॉलेज के लिए राशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया. देवघर में संस्कृत विश्वविद्यालय खोलने के लिए केंद्र सरकार आर्थिक अनुदान देगी. झारखंड सरकार इसी मानसून सत्र में विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए विधेयक लायेगी. सीएम ने रूसा के अंतर्गत ही वर्तमान में संचालित 13 डिग्री कॉलेज को मॉडल डिग्री कॉलेज में अपग्रेड करने एवं दो नये व्यावसायिक कॉलेज खोलने की मांग की है. सीएम की झारखंड में जनजातीय विश्वविद्यालय खोलने की लंबित मांग पर संसाधन मंत्री से चर्चा में सहमति बनी कि मध्य प्रदेश (अमरकंटक) में चल रहे आदिवासी विश्वविद्यालय का कैंपस झारखंड में खुलेगा.
सीएम की केंद्रीय कोयला और खान मंत्री प्रह्लाद जोशी के साथ बैठक में झारखंड में नए कोल ब्लॉक शुरू करने पर भी सहमति बनी है. कोल इंडिया सीएसआर फंड के तहत झारखंड में कौशल विकास सहित जन उपयोगी कार्यों व योजनाओं पर खर्च करेगी. इलिगल माइनिंग रोकने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जायेगा. सहमति बनी कि इस पर केंद्र व राज्य मिलकर काम करेगी.